यूक्रेन के ‘डर्टी बम’ ने बढ़ाई टेंशन, राजनाथ ने रूस के रक्षा मंत्री से फोन पर की बात

नई दिल्ली। रूस के रक्षा मंत्री सर्जेई शोइगु ने बुधवार को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राजनाथ सिंह को यूक्रेन के मौजूदा हालात से अवगत कराया। जिसमें ‘डर्टी बम’का इस्तेमाल करके उकसावे वाली कार्रवाई को लेकर चिंताएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में हालात बदतर होते जा रहे हैं। यूक्रेन के डर्टी बम के इस्तेमाल को लेकर रूस के रक्षा मंत्री ने अमेरिका, इंग्लैंड, तुर्की इत्यादि देशों के समकक्षों को भी आगाह किया है।

रूस के रक्षा मंत्री से फोन पर बातचीत में राजनाथ सिंह ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए संवाद, कूटनीति के रास्ते को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। राजनाथ सिंह ने रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से कहा कि किसी भी पक्ष को परमाणु हमले के विकल्प पर विचार नहीं करना चाहिए। रूस और यूक्रेन में बढ़ती शत्रुता के बीच रूस के रक्षा मंत्री की पहल पर बातचीत की गई।

यूक्रेन के बिगड़ते हालात पर चर्चा की

राजनाथ सिंह ने संकेत दिया कि किसी भी पक्ष को परमाणु विकल्प को नहीं अपनाना चाहिए क्योंकि परमाणु या रेडियोलॉजिकल हथियारों के इस्तेमाल की संभावना मानवता के मूलभूत सिद्धांत के खिलाफ है। मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और यूक्रेन के बिगड़ते हालात पर भी चर्चा की।

दोनों देशों के बीच टकराव बढ़ा

रूस ने करीब दो सप्ताह पहले क्रीमिया में एक बड़े विस्फोट के जवाब में यूक्रेन के अनेक शहरों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले शुरू कर दिये हैं जिसके बाद दोनों के बीच टकराव बढ़ गया है। विस्फोट के लिए रूस ने यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से वहां नये सिरे से बिगड़ती स्थिति के मद्देनजर जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा है।

000

प्रातिक्रिया दे