- 7 नवंबर को नांदेड़ से होते हुए महाराष्ट्र पहुंचेगी यात्रा
- शरद पवार ने यात्रा को बताया अच्छी पहल
मुंबई। एनसीपी प्रमुख शरद पवार और शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के महाराष्ट्र पहुंचने पर उसमें शामिल होंगे। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 नंवबर को राज्य में प्रवेश करेगी। महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के सहयोगियों के एक साथ आने को 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। भारत जोड़ों यात्रा के बारे में पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा, “देश में सामाजिक समरसता बहाल करने के लिए कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा की पहल एक अच्छी कोशिश है। इस यात्रा में बारामती सांसद और पवार की बेटी सुप्रिया सुले और उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे शामिल होंगे। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं बालासाहेब थोराट और अशोक चव्हाण ने सहयोगी दलों के साथ मुलाकात कर यात्रा में शामिल होने की अपील की थी।
382 किमी का सफर तय करेगी यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र के नांदेड़ से होते हुए राज्य में प्रवेश करेगी। यह यात्रा हिंगोली, वाशिम और बुलढाणा जिलों से होते हुए करीब 382 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस द्वारा नांदेड़ और बुलढ़ाणा के शेगांव में रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
भारत जोड़ो यात्रा का तेलंगाना चरण 27 अक्टूबर से
हैदराबाद। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिनों के अंतराल के बाद 27 अक्टूबर को तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकताल से फिर से शुरू होगी। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक में रायचूर से निकलने के बाद भारत जोड़ो यात्रा ने 23 अक्टूबर की सुबह गुडेबेलूर के रास्ते राज्य में प्रवेश किया था। पैदल मार्च के बाद रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक तीन दिनों का विराम लिया गया। सूत्रों ने बताया कि यात्रा मकथल में 11/22 केवी सबस्टेशन से सुबह साढ़े छह बजे फिर से शुरू होगी और तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद गांधी संभवत: कन्याका परमेश्वरी मंदिर में जाकर पूजा करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी।

