खड़गे ने संभाला अध्यक्ष पद… कांग्रेस में 50 फीसदी पद अब युवाओं को मिलेंगे

–मल्लिकार्जुन खड़गे ने संभाला कांग्रेस अध्यक्ष का पद

—सीडब्ल्यूसी के सदस्यों, महासचिव और प्रभारियों से मांगा इस्तीफा

–47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी का किया ऐलान

इंट्रो

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में खड़गे ने पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया। इसके साथ ही सीडब्ल्यूसी के सदस्यों, महासचिव और प्रभारियों से इस्तीफा मांग लिया। अब कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की जगह 47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी होगी।

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मौजूदा सरकार की ‘झूठ एवं नफरत की व्यवस्था’ को ध्वस्त करेगी। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले 80 वर्षीय खड़गे ने 17 अक्टूबर को हुए ऐतिहासिक चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी 66 वर्षीय शशि थरूर को मात दी थी। पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था। इसमें 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था। खरगे को यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से निर्वाचन पत्र सौंपा गया और इसी के साथ उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया। खरगे ने निर्वाचन पत्र सौंपे जाने के बाद कहा कि यह उनके लिए एक भावुक पल है और वह एक मजदूर के बेटे एवं साधारण कार्यकर्ता को पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए कांग्रेस के नेताओं का आभार व्यक्त करते हैं। खरगे ने कहा, मैं जानता हूं कि यह मुश्किल समय है। कांग्रेस द्वारा स्थापित लोकतंत्र को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस देश में मौजूद झूठ एवं घृणा की इस प्रणाली को तोड़ेगी। खड़गे ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने के लिए राहुल गांधी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष से कम आयु वर्ग के नेताओं को पार्टी में 50 प्रतिशत पद दिये जाने, संगठनात्मक रिक्तियों को भरने, जन अंतर्दृष्टि विभाग एवं चुनाव प्रबंधन विभाग की स्थापना, राज्यों में राजनीतिक मामलों की समिति गठित करने जैसे उदयपुर घोषणापत्र के प्रस्तावों को क्रियान्वित किया जाएगा। खड़गे ने कहा, यह कैसा नया भारत है, जिसमें युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रहीं, किसानों को जीप के नीचे कुचला जा रहा है, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ रहे हैं, लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं, लेकिन सरकार आंखें मूंद कर बैठी है, सरकार अपने कुछ पूंजीपति मित्रों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा, इस नये भारत में भुखमरी बढ़ रही है, शिक्षा की लागत बढ़ रही है, प्रदूषण बढ़ रहा है। सरकार सो रही है, लेकिन ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) लोगों को दबाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। इस नए भारत में दलित, अल्पसंख्यक और शोषित लोगों का अपमान किया जा रहा है और उनके अवसर छीने जा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री खरगे ने कहा कि ऐसा नया भारत बनाने के लिए वे (केंद्र सरकार) कांग्रेस मुक्त भारत चाहते हैं, लेकिन उनकी पार्टी ऐसा होने नहीं देगी।

मिस्त्री ने सौंपा निर्वाचन प्रमाणपत्र

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने खड़गे को निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा। मिस्त्री ने उम्मीद जताई कि अन्य दल कांग्रेस से सबक लेंगे और अध्यक्ष पद के चुनाव गुप्त मतपत्र के जरिये कराएंगे।

सोनिया-राहुल-भूपेश समेत ये नेता रहे मौजूद

इस मौके पर पार्टी की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, के सी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य राजेश मिश्रा, अरविंदर सिंह लवली और ज्योति मणि कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य, विभिन्न प्रदेश कांग्रेस कमेटर के अध्यक्ष और पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

राजघाट जाकर बापू को दी श्रद्धांजलि

पदभार ग्रहण करने से पहले खड़गे ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सरकार की नीतियों पर बरसे खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, ये कैसा न्यू इंडिया है जहां जनता महंगाई से त्राहि त्राहि कर रही है, लेकिन सरकार आंखें बंद कर के बैठी है। भारत की जनता की कमाई और मेहनत से बने सारे पीएसयू, एयरपोर्ट, पोर्ट, सड़क, रेल, बैंक सभी कुछ सरकार बेच रही है और अपने चंद मित्रों की जेब में डाल रही है? इस न्यू इंडिया में भूखमरी बढ़ रही है, प्रदूषण बढ़ रहा है, शिक्षा महंगी हो रही है, लेकिन रुपया लुढ़क रहा है। यहां सरकार सो रही हैं लेकिन ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई दमन के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे है?

भाजपा ने पूछा- क्या खड़गे को बनाएंगे बलि का बकरा

भाजपा ने भी खड़गे के अध्यक्ष बनने के साथ ही उन पर सियासी हमला शुरू कर दिया। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने सवाल किया कि अगर गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा, तो क्या खड़गे को बलि का बकरा बनाया जाएगा?

प्रातिक्रिया दे