- हैरिस और ट्रंप ने किया कार्यक्रमों का आयोजन
वाशिंगटन। अमेरिका में ऐतिहासिक ‘टाइम्स स्क्वायर’ से दीवाली उत्सव मनाने की शुरुआत हो गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को अपने-अपने आवास पर प्रकाशोत्सव मना रहे हैं। देश भर से प्रख्यात भारतीय-अमेरिकी बृहस्पतिवार रात से अमेरिकी राजधानी पहुंचने शुरू हो गए हैं। हैरिस और उनके पति ने शुक्रवार को प्रख्यात भारतीय-अमेरिकियों, राजनयिकों और प्रशासन के सदस्यों को दिवाली समारोह के लिए उपराष्ट्रपति आवास पर आमंत्रित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी डॉ. जिल बाइडन ने दिवाली समारोह मनाने के लिए सोमवार को व्हाइट हाउस में भारतीय-अमेरिकियों को आमंत्रित किया है। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन 26 अक्टूबर को विदेश मंत्रालय में राजनयिक समुदाय के साथ एक और दिवाली समारोह का आयोजन कर रहे हैं। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में भी दिवाली मनाई जा रही है। इस साल दिवाली का जश्न 15 अक्टूबर को ऐतिहासिक ‘टाइम्स स्क्वायर’ पर एक कार्यक्रम के आयोजन से शुरू हुआ, जिसमें शहर के मेयर एरिक एडम्स, सीनेट के बहुमत के नेता सीनेटर चक शूमर और न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जायसवाल ने भाग लिया था।
न्यूयॉर्क के स्कूलों में भी दिवाली की छुट्टी
न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 2023 से दिवाली पर स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि यह महत्वपूर्ण निर्णय शहर के समावेश के महत्व के बारे में एक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ‘‘लंबे समय से लंबित” था और यह फैसला बच्चों को रोशनी के त्योहार के बारे में जानने के लिए प्रोत्साहित करेगा। न्यूयॉर्क एसेंबली की सदस्य जेनिफर राजकुमार और न्यूयॉर्क सिटी स्कूल के चांसलर डेविड बैंक्स के साथ एडम्स ने कहा कि न्यूयॉर्क के स्कूलों में दिवाली को छुट्टी घोषित करके, ‘‘हम उन अनगिनत लोगों को एक स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं जो इस उत्सव के महत्व को समझते हैं।”
—


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                