-पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने दिया विवादित बयान
- मुश्किल में फंसी कांग्रेस, बयान से पल्ला झाड़ा
-मोहसिना किदवई की किताब के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए थे पाटिल
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल अपने हालिया बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे पाटिल ने कहा है कि जिहाद सिर्फ कुरान में नहीं है, बल्कि गीता में भी है। 20 अक्टूबर को दिल्ली में एक किताब विमोचन कार्यक्रम में पाटिल ने कहा, ”कहा जाता है कि इस्लाम में जिहाद की बहुत चर्चा है… लेकिन जिहाद का जिक्र सिर्फ कुरान शरीफ के अंदर नहीं है। वह महाभारत के अंदर गीता में भी है। श्रीकृष्ण भी अर्जुन को जिहाद की बात ही कहते हैं।”वह बात को समझाते हुए कहते हैं, ”जिहाद की बात तब आती है, जब मन में स्वच्छ विचार होने के बाद भी, तमाम कोशिशों को करने के बाद कोई समझता नहीं है। तब कहा जाता है कि आपको अगर शक्ति का उपयोग करना है तो करना चाहिए। वो सिर्फ कुरान शरीफ के अंदर नहीं है, वो महाभारत के अंदर जो गीता का भाग है, उसके अंदर श्रीकृष्ण जी भी अर्जुन को जिहाद की बात कहते है।” बता दें कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल ने यह बयान मोहसिना किदवई की किताब के विमोचन के दौरान दिया।
ईसाई धर्म से भी जोड़ा
पाटिल जिहाद को ईसाई धर्म से भी जोड़ते हुए कहते हैं, ”कुरान या गीता के अलावा जीसस ने भी जिहाद की बात की है। ईसाइयों ने भी लिखा है कि वे सिर्फ शांति स्थापित करने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि साथ में तलवारें भी लाए हैं। यानी कि अगर सबकुछ समझने के बावजूद भी कोई हथियार लेकर आ रहा है, तो आप भाग नहीं सकते हैं।”
बाद में दी सफाई
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद पाटिल ने शुक्रवार को सफाई दी है। उन्होंने कहा है, ”क्या आप कृष्ण के सबक को अर्जुन के लिए जिहाद कहेंगे? नहीं। मैं यही कह रहा था। ”यदि आप महात्मा गांधी को मारते हैं, तो यह जिहाद है उन्हें मारने का कार्य जिहाद है।”
पाटिल की टिप्पणी अस्वीकार्य : कांग्रेस
इधर, कांग्रेस ने पाटिल की टिप्पणी को ‘अस्वीकार्य’ करार देते हुए कहा कि भगवद् गीता भारतीय सभ्यता का मौलिक स्तम्भ है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘मेरे वरिष्ठ सहयोगी शिवराज पाटिल ने भगवद् गीता पर कथित तौर पर कुछ टिप्पणी की जो अस्वीकार्य है। रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ का एक अंश भी साझा किया जिसमें कहा गया है कि भगवद् गीता का संदेश सार्वभौमिक है और सभी के लिए है।
—
भाजपा ने बताया वोटबैंक की राजनीति
कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को गीता में जिहाद का संदेश दिखना शर्मनाक है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि यह बयान हिंदुओं से नफरत एक संयोग नहीं, बल्कि वोटबैंक का प्रयोग है। ऐसा गुजरात चुनाव से पहले वोटबैंक के ध्रुवीकरण के लिए यह जानबूझकर किया गया है। विश्व हिंदू परिषद के नेता डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा है कि गीता में आत्म कल्याण, समाज कल्याण और विश्व कल्याण का मार्ग बताया गया है। कांग्रेस नेता न तो गीता को समझते हैं और न ही जिहाद की बात समझते हैं।
0000

