रायगढ़ नगर निगम का अजीबो-गरीब वाकया… बजरंग बली को भेजा जलकर का नोटिस

00 भाजपा ने स्थानीय सरकार को घेरा

रायगढ़। नगर निगम में बुधवार को एक अजीबो गरीब मामला सामने आया। निगम के जल विभाग ने बजरंग बली को जलकर का बकाया भुगतान करने का नोटिस जारी किया है। निगम की यह लापरवाही सामने आते ही शहर भाजपा ने देवी देवताओं के सम्मान को लेकर शहर सरकार से लेकर राज्य सरकार तक को घेरने की कोशिश की।

नगर निगम शहर में जलकर की वसूली के लिए नोटिस जारी कर रहा है। फरवरी और मार्च माह का एक साथ बिल वसूली की जा रही है। नोटिस भेजने की निगम को इतनी हड़बड़ी थी की, जल विभाग के कर्मचारियों ने भगवान हनुमानजी के नाम से ही नोटिस जारी कर दिया। यह मामला वार्ड क्रमांक 18 का है। जहां के हनुमान मंदिर के नाम से नोटिस जारी किया गया है। दरअसल यह नोटिस मंदिर प्रशासन के किसी व्यक्ति के नाम से जारी किया जाना था, लेकिन निगम के अफसरों और कर्मचारियों को हड़बड़ी इतनी थी कि उन्होंने हनुमानजी को ही अपना हितग्राही बनाकर नोटिस काट दिया। अब शहर में इसी बात को लेकर बवाल मचा हुआ है। स्थानीय प्रशासन आए दिन ऐसी गलतियां कर सुर्खियां बटोर रहा है। जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब रायगढ़ के अफसरों से गलती हो रही है। इससे पहले भी एसडीएम कार्यालय रायगढ़ ने भगवान भोले शंकर को उनके मंदिर से बेदखली का नोटिस भेज दिया था। काफी हो हंगामे के बाद प्रशासन ने अपनी गलती मानी और त्रुटि सुधारी गई।

कनेक्शन पूरे नहीं लेकिन बिल जारी

शहर के कई हिस्सों में अमृत मिशन की पाइप लाइन में गड़बड़ी है। कई हिस्सों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। आए दिन निगम के कर्मचारियों का लोगों से विवाद हो रहा है। ऐसे में निगम अपनी कमियों को दूर करने की बजाए बिल बांटने में ही फोकस कर रही है।

आयुक्त ने नहीं दिया जवाब

इस मसले पर निगम प्रशासन का पक्ष लेने के लिए आयुक्त संबित मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। निगम की इस बड़ी चूक पर आयुक्त का मौन साधना उनकी लापरवाही को दर्शा रहा है।

0000

प्रातिक्रिया दे