रूस की खुली धमकी… नाटो में शामिल हुआ यूक्रेन तो होगा तीसरा विश्व युद्ध

-पूरे विश्व के लिए चिंता का सबब बन रहा रशिया-यूक्रेन विवाद

मास्को। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले सात महीने से अधिक समय से युद्ध जारी है। इस बीच, रशियन सिक्योरिटी काउंसिल के एक अधिकारी ने एक बयान देकर चौंका दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर यूक्रेन अमेरिका के नेतृत्व वाले नाटो मिलिट्री अलायंस का हिस्सा बनता है तो फिर यह घटनाक्रम निश्चित तौर पर थर्ड वर्ल्ड वॉर की ओर ले जाएगा। रूस की सुरक्षा परिषद के उप सचिव अलेक्जेंडर वेनेडिक्टोव के हवाले से कहा गया है कि, “कीव अच्छी तरह से जानता है कि इस तरह के कदम का मतलब तीसरे विश्व युद्ध की गारंटी होगी।” वेनेडिक्टोव ने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि परमाणु संघर्ष पूरी दुनिया को प्रभावित करेगा – न केवल रूस और सामूहिक पश्चिम, बल्कि इस धरती के सभी देश पर इसका असर होगा। वैसे आपको बता दें, हालांकि, यूक्रेन के लिए पूरी तरह से नाटो की सदस्यता हासिल करना अभी दूर की कौड़ी है, क्योंकि गठबंधन के सभी 30 सदस्यों को अपनी सहमति देनी होगी।

परमाणु युद्ध के खतरों के बीच नाटो की परमाणु वार्ता

ब्रसेल्स। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने बृहस्पतिवार को एक बैठक की और उसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए परमाणु हमलों की धमकियों को लेकर विचार विमर्श किया। नाटो देशों की अगले सप्ताह परमाणु युद्धाभ्यास करने की योजना है। नाटो के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की यह बैठक संगठन के ब्रसेल्स स्थित मुख्यालय में हुई। यह बैठक आमतौर पर वर्ष में एक बार या दो बार आयोजित होती है। यह बैठक बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि के बीच आयोजित की गयी है।

प्रातिक्रिया दे