‘भारत जोड़ो यात्रा’ में पहली बार शामिल हुईं कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी
-देवगौड़ा परिवार के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है मांड्या
-कांग्रेस ने ट्विटर हैंडल से जारी किया वीडियो संदेश
मांड्या (कर्नाटक)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और राहुल गांधी तथा अन्य ‘भारत यात्रियों’ के साथ पदयात्रा की। सोनिया कर्नाटक के मांड्या जिले में पदयात्रा में शामिल होकर करीब एक किलोमीटर तक चलीं। वह पहली बार इस यात्रा में शामिल हुईं। सोनिया और राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेता भी इस यात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा के रास्ते में दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। राहुल गांधी ने जगह-जगह लोगों से मुलाकात की।
कांग्रेस का वीडियो
कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से एक वीडियो भी शेयर किया गया है जिसमें सोनिया गांधी राहुल गांधी के साथ-साथ चलती हुईं दिखाई दे रही हैं और कार्यकर्ता उनके पीछे-पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “जो प्रण लिया है, पीछे नहीं हटेंगे। लाख मुश्किल आए, हम भारत जोड़ेंगे।” यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने दिव्यांगों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की।
लोगों ने दिखाया उत्साह
सोनिया का कर्नाटक विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मांड्या में पदयात्रा करना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि यह देवगौड़ा परिवार के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा, “यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया के शामिल होने से पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी।” पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ” आज लोगों का उत्साह और बढ़ गया है।
7 सितंबर को शुरू हुई थी यात्रा
राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यह यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले साल की शुरुआत में कश्मीर में होगा। इस यात्रा में कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को “भारत यात्री” नाम दिया है जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। ये लोग 3,570 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तय करेंगे।
000
राहुल ने बांधे मां के जूतों के फीते
यात्रा के दौरान राहुल की कई तस्वीरें हाल के दिनों में वायरल हुई हैं। आज जो फोटो सोशल मीडिया में घूम रही है, उसमें वह बीच सड़क पर अपनी मां के जूतों के फीते को बांधते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी इस फोटो को शेयर किया। उन्होंने फोटो को कैप्शन देते हुए लिखा, मां तो मां होती है, उनका कोई तोड़ नहीं होता।
000000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                