नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अक्टूबर, 2022 को भारत में बहुप्रतीक्षित 5जी सेवाओं की शुरुआत करेंगे। 5 जी की शुरुआत वाराणसी और अहमदाबाद से होगी। अगले कुछ वर्षों में क्रमिक रूप से पूरे देश में इसका विस्तार किया जाएगा। भारत पर 5जी का कुल आर्थिक प्रभाव 2035 तक 450 अरब अमेरिकी डॉलर तक होने का अनुमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अक्टूबर, 2022 को भारत में 5जी सेवाओं की शुरुआत करेंगे। वह 1-4 अक्टूबर 2022 तक नयी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2022 के छठे संस्करण का भी उद्घाटन करेंगे।
–
पल में वीडियो डाउनलोड
गौरतलब है कि 4जी की तुलना में 5जी नेटवर्क कई गुना तेज गति देता है। 5जी दूरसंचार सेवाओं के जरिये कुछ ही सेकंड में मोबाइल और अन्य उपकरणों पर उच्च-गुणवत्ता वाले लंबी अवधि के वीडियो या फिल्म को डाउनलोड किया जा सकता है। यह एक वर्ग किलोमीटर में करीब एक लाख संचार उपकरणों को समर्थन करेगा।
–
इंडिया मोबाइल कांग्रेस
एक अक्टूबर से 4 दिवसीय इंडिया मोबाइल कांग्रेस कार्यक्रम की शुरुआत होने वाली है। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी 5जी सर्विस की लॉन्चिंग करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी हाई स्पीड मोबाइल इंटरनेट सुविधा के शुभारंभ के दौरान दिल्ली के द्वारका सेक्टर 25 में मेट्रो के आगामी स्टेशन की भूमिगत सुरंग से 5जी सेवाओं के कामकाज का प्रदर्शन भी देखेंगे।
000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                