क्वीन एलिजाबेथ की अंत्येष्टि आज, वैश्विक नेताओं सहित जुटेंगे 10 लाख लोग

-सोमवार सुबह वेस्टमिंस्टर एबे में होने वाला है अंत्येष्टि कार्यक्रम

-दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे

-शोक समारोह स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे होगा शुरू

  • पूरे देश में दो मिनट के मौन के बाद समाप्त होगा फ्यूनरल

लंदन। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। महारानी का पार्थिव शरीर वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है और उनके अंतिम संस्कार की रस्में स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 11 बजे वेस्टमिंस्टर एबे में शुरू होंगी। इसके बाद एक सार्वजनिक जुलूस दोपहर 12.15 बजे शुरू होगा और दिवंगत महारानी का ताबूत वेस्टमिंस्टर एबे से लंदन के वेलिंग्टन आर्च ले जाया जाएगा और वहां से उसका विंडसर का सफर शुरू होगा। सोमवार की शाम को एक निजी शाही रस्म में महारानी को किंग जार्ज षष्ठम मैमोरियल चैपल में उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा। पिछले 57 वर्षों में ब्रिटेन का पहला राजकीय अंतिम संस्कार एक सख्त प्रोटोकॉल और सैन्य परंपरा के तहत होगा, जिसके लिए कई दिनों से अभ्यास जारी है। इस समारोह में शामिल होने दुनिया भर के बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।

कई उड़ानें रद्द

लंदन के परिवहन प्राधिकरण का कहना है कि सोमवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंत्येष्टि कार्यक्रम में 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना के मद्देनजर वह तैयारियों में जुटे हैं। रेल नेटवर्क के प्रमुख पीटर हेंडी ने कहा कि देशभर में लगभग 250 अतिरिक्त ट्रेन संचालित की जाएंगी। हीथ्रो हवाईअड्डे से संचालित होने वाली 100 से अधिक उड़ानों को रद्द किया गया है।

प्रसारण के लिए सैकड़ों विशाल स्क्रीन

लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सोमवार सुबह होने वाले राजकीय अंत्येष्टि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए ब्रिटेन के विभिन्न पार्कों में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी। साथ ही कई सिनेमाघर भी कार्यक्रम के प्रसारण के लिए तैयारी कर रहे हैं।

अंत्येष्टि में शामिल होने लंदन पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू

लंदन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने और भारत सरकार की तरफ से संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए शनिवार शाम तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन पहुंचीं। महारानी के अंतिम संस्कार में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत करीब 500 विश्व नेता शामिल होंगे। अंतिम संस्कार वेस्टमिंस्टर एबे में होगा, जिसमें करीब 2,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति मुर्मू को रविवार शाम महाराजा चार्ल्स द्वितीय और क्वीन कंसोर्ट कैमिला द्वारा बकिंघम पैलेस में विश्व नेताओं के लिए आयोजित एक भोज में भी आमंत्रित किया गया है। इस ‘आधिकारिक राजकीय कार्यक्रम’ में ब्रिटेन आ रहे सभी राष्ट्राध्यक्षों और आधिकारिक विदेशी अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
00000

प्रातिक्रिया दे