लखीमपुर मामला : सगी बहनों की गैंगरेप के बाद की गई थी गला दबाकर हत्या!

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार,

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी में दो सगी दलित बहनों की गैंगरेप के बाद हत्या मामले में पोस्टमार्टम हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लड़कियों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या और इसके बाद में लटकाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इधर, इस मामले पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और बसपा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 2 सगी दलित बहनों की लाशें पेड़ पर लटकी मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गुरुवार को पीएम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। शव मिलने के एक दिन बाद गुरुवार को पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव सुमन ने एक संवाददाता सम्मेलन में गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने कहा, हमने घटना के बाद रातभर चले तलाशी अभियान के दौरान जुनैद, सोहेल, हाफिजुर रहमान, करीमुद्दीन, आरिफ और छोटू को गिरफ्तार किया है। एसपी ने दावा किया कि जुनैद और सोहेल के दोनों मृतक बहनों के साथ प्रेम संबंध थे। उन्होंने कहा, प्रारंभिक जांच के अनुसार, जुनैद और सोहेल के कहने पर दोनों बहनें बुधवार दोपहर अपने घर से निकली थीं। हाफिजुर रहमान भी जुनैद और सोहेल के साथ मौजूद था। जुनैद और सोहेल ने कबूल किया है कि उन्होंने दोनों लड़कियों के साथ दु्ष्कर्म करने के बाद उनका गला घोंट दिया। सुमन ने बताया, जुनैद और सोहेल ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए करीमुद्दीन और आरिफ को बुलाया। बाद में उन्होंने इसे आत्महत्या के मामले के रूप में दर्शाने के लिए दोनों बहनों के शव को पेड़ पर लटकाने का फैसला किया। एसपी के मुताबिक, अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम गया है। उन्होंने कहा कि सब कुछ मृतक बहनों के परिजनों की सहमति से किया जा रहा है। लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दोनों दलित बहनों के शव उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के एक खेत में पेड़ से लटकते मिले थे।

गला दबाकर हत्या की हुई पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ है कि दोनों लड़कियों को गला दबाकर मारा गया था। इसके बाद उनके शवों को पेड़ से लटका दिया गया। हत्या से पहले दोनों लड़कियों का रेप भी किया गया था। सूत्रों से आई रिपोर्ट के बाद पुलिस के आधिकारिक बयान भी सामने आ गया है। हालांकि, लखीमपुर एसपी संजीव सुमन ने पहले ही इस मामले में लड़कियों की रेप के बाद हत्या की बात कह चुके थे।

मृतका की मां ने लगाया गंभीर आरोप

मृतका की मां ने पहले ही आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को घर से घसीट कर ले जाया गया था। दरिंदों ने उनकी बेटी के साथ पहले रेप किया और फिर हत्या कर दी। अब यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी साफ हो गया है। निघासन कोतवाली क्षेत्र में दो दलित बहनों की रेप के बाद हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद हलचल तेज हो गई है।

याद आया बदायूं कांड

सूबे में इस तरह की ये कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी साल 2014 में ऐसा ही मामला बदांयू जिले से सामने आया था। 27 मई की रात जिले के गुमनाम से गांव कटरा सआदतगंज में रहनी वाली 12 और 14 साल की दो चचेरी बहने शौच के लिए खेत की ओर जा रही थीं। तभी रास्ते में दबंग आरोपियों ने उन्हें अगवा कर लिया था. इसके बाद उनके साथ बलात्कार किया और फिर उनकी हत्या कर लाशें पेड़ पर लटका दी थीं।

सियासी उबाल—————

ऐसी सजा देंगे की रूह कांप जाएगी

यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा। साथ ही विपक्ष से राजनीति न करने की अपील की। पाठक ने कहा, ऐसी सजा दी जाएगी कि आरोपियों की आने वाली आने वाली पीढ़ियों की रूह कांप जाएगी।

राहुल बोले- विचलित करने वाली घटना

राहुल गांधी ने कहा, बेहद विचलित करने वाली घटना है। बलात्कारियों को रिहा करवाने और उनका सम्मान करने वालों से महिला सुरक्षा की उम्मीद की भी नहीं जा सकती। हमें अपनी बहनों-बच्चियों के लिए देश में एक सुरक्षित माहौल बनाना ही होगा। प्रियंका गांधी बोलीं- आखिर यूपी में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध क्यों बढ़ते जा रहे हैं?

माया बोलीं : अपराधी बेखौफ

बहुजन समाज पार्टी मायावती ने कहा कि ऐसी दुःखद व शर्मनाक घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। यूपी में अपराधी बेखौफ हैं, क्योंकि सरकार की प्राथमिकताएं गलत हैं।

प्रातिक्रिया दे