—– विरोध मार्च के दौरान पुलिस से भिड़े भाजपा कार्यकर्ता, कई घायल
—– हिंसक हुआ प्रदर्शन, पथराव के जवाब में लाठीचार्ज
—
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा के ‘नबन्ना अभियान’ ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सचिवालय पहुंचने से पहले रोक दिया। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ ही कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस वैन को आग लगा दी।
पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा ने राज्य सचिवालय तक विरोध मार्च (नबन्ना चलो मार्च) निकाला। मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प के चलते बंगाल के कुछ हिस्से मंगलवार को संघर्ष के मैदान में बदल गए। झड़प में कई पुलिस अधिकारी और भाजपा नेता मीना देवी पुरोहित और स्वप्न दासगुप्ता समेत पार्टी के कई सदस्य घायल हो गए। बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेन्दु अधिकारी, हुगली से पार्टी सांसद लॉकेट चटर्जी और वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा भाजपा द्वारा तृणमूल कांग्रेस शासन के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में निकाले गए मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया, जिन्होंने शहर और उसके आसपास के इलाकों में कई जगहों पर लगाए गए अवरोधकों को पार करने की कोशिश की। अधिकारी ने जेल वैन में ले जाए जाने से पहले संवाददाताओं से कहा, सभी ने देखा कि कैसे पक्षपाती पुलिस ने नबान्न के बाहर विरोध करने के विपक्ष के एक नेता के लोकतांत्रिक अधिकार को खत्म करने की कोशिश की। एक महिला कांस्टेबल ने मेरे साथ हाथापाई की, लोगों ने उसे भी देखा। संतरागाछी में पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने की कोशिश की, तो उसे पथराव का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की जद्दोजहद में एक पुलिस कियोस्क क्षतिग्रस्त हो गई। इसी तरह के दृश्य हावड़ा, कोलकाता के लालबाजार और एमजी रोड इलाकों में देखे गए, जहां प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। लालबाजार में पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, किसी भी प्रदर्शनकारी के गंभीर रूप से घायल होने की कोई खबर नहीं है, हालांकि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। विरोध प्रदर्शनों के बीच शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे आम लोगों को सड़कों पर भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
–
जमकर पत्थरबाजी, पुलिस ने भांजी लाठियां
पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। जमकर पत्थरबाजी की। वहीं, भीड़ को काबू पाने के लिए बंगाल पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान कोलकाता से भाजपा पार्षद मीना पुरोहित के सिर फट गया, जिसके बाद उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
—
शुभेंदु बोले-मेरे शरीर को मत छुओ..
बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का तृणमूल कांग्रेस की ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया। टीएसमी की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में यह कहते हुए सुना गया, मेरे शरीर को मत छुओ। आप महिला हैं, मैं पुरुष हूं। टीएमसी ने ट्वीट कर भाजपा पर तंज कसा और लिखा- 56 इंच की छाती मॉडल का पर्दाफाश! दिन की घोषणा, मेरे शरीर को मत छुओ। मैं पुरुष हूं!
आज से विस सत्र, भाजपा ने दिखाई ताकत
पश्चिम बंगाल में 14 सितंबर से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा का यह प्रदर्शन सड़क पर ताकत दिखाने की कोशिश है। प्रदर्शन में भाजपा ने बंगाल में तृणमूल नेताओं के भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाया है। भ्रष्टाचार के आरोप में तृणमूल के दो कद्दावर नेता पार्थ चटर्जी और अनुब्रत मंडल जेल में हैं।
–
भाजपा ने ममता सरकार पर साधा निशाना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने रैली को आगे बढ़ने से रोके जाने पर हावड़ा में धरना दिया। उन्होंने कहा, यह निरंकुश ममता बनर्जी सरकार विपक्षी दलों को जगह देने में विश्वास नहीं करती है। मजूमदार ने यह भी दावा किया कि यह शर्म की बात है कि पुलिस पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रही है। भाजपा की वरिष्ठ नेता अग्निमित्रा पॉल को हावड़ा मैदान में एक विरोध स्थल से हिरासत में ले लिया गया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने हावड़ा पुल के पास प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व किया। वह अपनी पार्टी के समर्थकों पर लाठीचार्ज के बीच स्थल से चले गए। घोष ने कहा, इस जंगल राज के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।
—
टीएमसी ने भाजपा पर कसा तंज
टीएमसी ने एक ट्वीट में कहा, भाजपा बंगाल के कार्यकर्ता या गुंडे? पार्टी ने ट्विटर पर कहा, सरकारी संपत्ति को नष्ट करना और नुकसान पहुंचाना, पुलिसकर्मियों पर हमला करना, अराजकता पैदा करना और राज्य में शांति भंग करना – भाजपा की आज की गतिविधियों ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया। हम इस तरह के ओछे व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि भाजपा विरोध की आड़ में परेशानी पैदा कर रही है।
—

