—-भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के ट्वीट पर भड़की ‘आग’
—-सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने रायपुर में दिया जवाब
–
इंट्रो
कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए पोस्ट में आरएसएस की निक्कर में आग लगी तस्वीर शेयर कर है। इस तस्वीर के जरिए कांग्रेस ने आरएसएस-भाजपा पर निशाना साधा है। इसके बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को आग लगाओ यात्रा बता दिया।
—
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को खाकी निक्कर में आग लगी होने की एक तस्वीर ट्वीट की और कहा कि ‘देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त होना है’, जिस पर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल हिंसा के लिए उकसा रहा है। उल्लेखनीय है कि खाकी निक्कर कुछ समय पहले तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक का ड्रेसकोड हुआ करता था। अब आरएसएस के स्वयंसेवक फुलपैंट पहनते हैं।
कांग्रेस ने खाकी निक्कर में आग लगे होने की तस्वीर साझा करने के साथ ही लिखा, नफरत की बेड़ियों से देश को मुक्त कराना है और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करनी है। एक-एक कदम करके हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे। उसने ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के लोगों का उपयोग किया और यात्रा के शेष दिनों का उल्लेख करते हुए कहा कि 145 दिन बाकी हैं। कांग्रेस के इस ट्वीट को लेकर भाजपा ने उस पर निशाना साधा। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंसा के लिए उकसा रही है और उसकी यात्रा ‘भारत तोड़ो यात्रा’ है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने केरल में ‘आतंकवादियों’ को इशारा किया कि आरएसएस के पदाधिकारियों को निशाना बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह ट्वीट तत्काल हटाना चाहिए और भारत की संवैधानिक व्यवस्था में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस का आग से बहुत पुराना नाता है तथा उसके सत्ता में रहने के दौरान पंजाब को आग में झोंक दिया गया और 1984 में सिखों को जिंदा जला दिया गया था। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता ने यात्रा के दौरान एक ऐसे विवादित पादरी से मुलाकात की, जिसने हिंदू देवी-देवताओं का कथित तौर पर अपमान किया था। कांग्रेस के ट्वीट पर आरएसएस ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। आरएसएस के सह कार्यवाह मनमोहन वैद्य ने कहा कि कांग्रेस नफरत के जरिए लोगों को जोड़ना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी की पिछली पीढ़ियों के मन में भी संघ के लिए प्रति घृणा थी। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जो लोग नफरत, कट्टरता और पूर्वाग्रह की चिंगारी भड़काते हैं, उन्हें इसका सामना करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। भाजपा के अन्य नेता भी सोशल मीडिया पर इसके विरोध में उतर आए। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु से सांसद तेजस्वी सूर्या ने लिखा कि 1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया। इसके बाद 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया गया। उन्होंने फिर से हिंसा का आह्वान दिया है। कांग्रेस अब राजनीतिक दल नहीं रह गई है और राहुल गांधी सिर्फ भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने ट्वीट कर लिखा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक और समझने योग्य हैं लेकिन राजनीतिक विरोधियों को जलाने के लिए क्या इस तरह की मानसिकता की आवश्यकता है? नकारात्मकता और नफरत की इस राजनीति की सभी को निंदा करनी चाहिए।
—
कांग्रेस के पोस्ट में क्या?
कांग्रेस ने ट्विटर के पोस्ट में खाकी का हाफ पेंट एक कोने से जल रहा है। नीचे लिखा है, 145 दिन बाकी हैं। फोटो के साथ कांग्रेस ने कैप्शन दिया है- देश को नफरत के चंगुल से मुक्त कराने और भाजपा-आरएसएस के डैमेज की भरपाई के हमारे लक्ष्य पर हम धीरे-धीरे पहुंच ही जाएंगे।
सह सरकार्यवाह वैद्य ने कहा- संघ पर लगाए थे प्रतिबंध
रायपुर। कांग्रेस के आरएसएस और भाजपा पर नफरत फैलाने के आरोप पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा कि इनके बाप-दादा ने संघ का तिरस्कार बिना कारण किया, प्रतिबंध लगाए। मगर संघ बढ़ता रहा, क्योंकि संघ के पास सत्य सिद्धांत है। समाज का सहयोग मिलता रहा है। वो कमेंट करने लायक नहीं।
–
भड़की भाजपा, पात्रा बोले-यह आग लगाओ यात्रा
जैसे ही यह तस्वीर पोस्ट की गई भाजपा भड़क गई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह तस्वीर भाजपा और आरएसएस को प्रतिनिधित्व करते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया और उसमें आग जलते हुए दिखाया है। कांग्रेस ने लोगों को उकसाने के लिए यह ट्वीट किया है। इनकी भारत जोड़ो यात्रा, आग लगाओ यात्रा है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस प्रकार की तस्वीर ट्वीट की हो।
—
कांग्रेस बोली- यात्रा से घबरा गई भाजपा
कांग्रेस नेता रमेश ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर भाजपा उसके खिलाफ आक्रामक होगी, तो वह ‘डबल आक्रामक’ हो जाएगी। रमेश ने दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को जनता से मिले समर्थन से भाजपा घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नफरत और कट्टरता की राजनीति करती है तथा लोगों को जाति, धर्म, भाषा और प्रांत के आधार पर बांटने का काम करती है।
—
राहुल की अनुपस्थिति पर उठाया सवाल
इधर, भाजपा ने तिरुवनंतपुरम में शहीदों के एक स्मारक के उद्घाटन से कथित तौर पर अनुपस्थित रहने को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष उन कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, जहां ‘भारत विरोधी’ बातें होती हैं, लेकिन राष्ट्रवाद से जुड़े कार्यक्रमों से दूर रहते हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी को एक हिंदू धार्मिक स्थल से होते हुए स्मारक पहुंचना था, लेकिन रास्ते में बहुत ज्यादा भीड़ होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें जाने की अनुमति नहीं दी। सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी जल्द ही शहीदों के स्मारक जाएंगे।
—
000000

