नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) भारतीय फ्रीस्टाइल पहलवानों ने किर्गिस्तान के बिशकेक में चार स्वर्ण पदक सहित आठ पदक जीतकर अंडर-17 एशियाई चैंपियनशिप का टीम खिताब जीता। भारतीय पहलवानों ने चार स्वर्ण पदक के अलावा दो रजत और दो कांस्य पदक भी जीते।
भारतीय पहलवानों ने बुधवार को फ्रीस्टाइल वर्ग में तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।
भारतीय फ्रीस्टाइल टीम ने 188 अंक के साथ एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती जबकि कजाखस्तान की टीम 150 अंक के साथ उप विजेता रही। उज्बेकिस्तान ने 145 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के लिए बुधवार को निंगप्पा (45 किग्रा), शुभम (48 किग्रा) और वैभव पाटिल (55 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते जबकि प्रतीक देशमुख (110 किग्रा) ने रजत और नरसिंह पाटिल (51 किग्रा) तथा सौरभ (60 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते। अंडर-23 वर्ग में स्पर्धा गुरुवार को ग्रीकोरोमन शैली की प्रतियोगिताओं के साथ शुरू होगी।
रोनाल्डो ने इतिहास रचा, एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) रोनाल्डो सिंह ने बुधवार को यहां एशियाई ट्रैक चैम्पियनशिप के अंतिम दिन सीनियर वर्ग की स्प्रिंट स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहकर इतिहास रच दिया, वह महाद्वीपीय टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय साइकिलिस्ट बन गये। रोनाल्डो की उपलब्धि महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में किसी भारतीय साइकिलिस्ट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। बुधवार को उन्होंने जापान के अनुभवी राइडर केंटो यामासाकी को कड़ी चुनौती दी लेकिन दूसरा स्थान ही हासिल कर सके। यामासाकी ने लगातार रेस में रोनाल्डो को पछाड़ कर पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया। कजाखस्तान के आंद्रे चुगे ने स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। भारतीय साइकिलिंग महासंघ के चेयरमैन ओंकार सिंह ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह (रोनाल्डो का रजत) एशियाई चैम्पियनशिप में किसी भारतीय का पहला रजत पदक था। किसी भारतीय ने हमारे इतिहस में स्वर्ण पदक नहीं जीता है इसलिये उनका रजत पदक जीतना किसी भारतीय का महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। ” सिंह एशियाई साइकिलिंग परिसंघ के महासचिव भी हैं।
रोनाल्डो का यह चैम्पियनशिप में तीसरा पदक था। उन्होंने इससे पहले 1 किमी टाइम ट्रायल और टीम स्प्रिंट स्पर्धा में कांस्य पदक जीते थे। सुबह रोनाल्डो ने सेमीफाइनल में कजाखस्तान के आंद्रे चुगे को पछाड़ा था। यह भारतीय पहली रेस में हार गया था लेकिन वापसी करते हुए अगली दो रेस जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। रोनाल्डो ने कहा, ‘‘मेरे दिमाग में स्वर्ण पदक था, लेकिन फिर भी मैं खुश हूं क्योंकि यह मेरा पहला रजत पदक है। यह मेरे करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। प्रत्येक टूर्नामेंट में मेरी तकनीक में सुधार हुआ है, यह सबसे अहम है। ” मंगलवार को विश्व जूनियर चैम्पियन और एशियाई रिकॉर्डधारी रोनाल्डो ने 200 मीटर फ्लाइंग टाइम ट्रायल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था और पुरूष एलीट स्प्रिंट रेस स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनायी थी। घरेलू टीम ने अंतिम दिन एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।
भारतीय जूनियर साइकिलिस्ट बिरजीत युमनाम ने 15 किमी प्वाइंट रेस में 23 अंक से कांस्य पदक जीता। कोरिया के सुंगयिओन ली ने 24 अंक से रजत और उज्बेकिस्तान के फारूख बोबोशेरोव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। छायानिका गोगोई दिन में हैरान करने वाली साइकिलिस्ट रहीं। इस 19 वर्षीय साइकिलिस्ट ने 10 किमी महिला स्क्रैच रेस फाइनल में कजाखस्तान की पदक की दावेदार रिनाटा सुल्तानोवा को पछाड़कर कांस्य पदक से भारत का खाता खोला। योयूरी किम ने स्वर्ण और जापान की किये फुरूयामा ने रजत पदक प्राप्त किया। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के वेलोड्रोम में एशियाई जूनियर और पैरा चैम्पियनशिप भी इसके साथ ही आयोजित की गयी थी। अंतिम दिन 10 फाइनल में कुछ साइकिल भी टकरायी।
जापान 18 स्वर्ण, सात रजत और दो कांस्य से संयुक्त पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।

