छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हिट एंड रन में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में संदिग्ध रहे सहायक पुलिस उप निरीक्षक ने शनिवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने कहा कि जिले में भिलाई शहर के छावनी थानाक्षेत्र में एक लॉज में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) फारूख शेख (53) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शेख को तीन दिन पहले लाइन हाजिर किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि छावनी थाने में पदस्थ एएसआई फारूक शेख शुक्रवार रात लगभग नौ बजे घर से निकाला था। शनिवार सुबह 11 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तब शेख के परिजनों और पुलिस ने उसके मित्रों से उसके बारे में पूछताछ की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके मित्रों से पुलिस को जानकारी मिली कि शेख शुक्रवार की देर रात नशे की हालत में भिलाई के सुविधा लॉज में रुका था। जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस लॉज पहुंची तब दरवाजा भीतर से बंद था। जब पुलिस ने खिड़की से भीतर देखा तब फारूक का शव पंखे से लटका हुआ था।
उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छावनी शहर के पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कौशलेंद्र पटेल ने कहा कि मौके से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उसने आत्महत्या की है।

