कांग्रेस ने संगठन में कई बड़े सुधार करने का फैसला किया… मिशन-2024 के लिए बनेगी टास्क फोर्स

—शिविर के आखिरी दिन संगठन में बड़े सुधारों वाले ‘नवसंकल्प’ मसौदे का अनुमोदन

कांग्रेस पार्टी ने उदयपुर में तीन दिन के नव संकल्प शिविर में कई नए संकल्प लिए। कांग्रेस ने संगठन में कई बड़े सुधार करने का फैसला किया जिसमें एक परिवार, एक टिकट की व्यवस्था सबसे प्रमुख है। शिविर के आखिरी दिन पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पूरे देशभर में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए टास्क फोर्स बनाया जाएगा।

उदयपुर। कांग्रेस ने अपने चिंतन शिविर के आखिरी दिन रविवार को कई बड़े सुधारों वाले ‘नवसंकल्प’ मसौदे का अनुमोदन किया, जिसमें ‘एक परिवार, एक टिकट’ की व्यवस्था सबसे प्रमुख है। साथ ही, यह शर्त भी रखी गई है कि परिवार के किसी दूसरे व्यक्ति को टिकट तभी मिलेगा, जब उसने संगठन के लिए कम से कम पांच साल तक काम किया हो। सूत्रों के अनुसार, ‘एक परिवार, एक टिकट’ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रावधान को मंजूरी देने के साथ ही पार्टी की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों का संगठन में प्रतिनिधित्व बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने को भी स्वीकृति प्रदान की है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ‘नवसंकल्प चिंतन शिविर’ से पहले राजनीति, सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण, अर्थव्यवस्था, संगठन, किसान एवं कृषि तथा युवा और सशक्तीकरण से संबंधित समन्वय समितियां गठित की थीं। इन समितियों की अलग-अलग बैठकों में 400 से अधिक नेताओं ने पिछले दो दिन में गहन मंथन किया और पार्टी के संगठन में सुधार तथा कई अन्य विषयों पर सुझाव दिए। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक आरंभ होने से पहले राजनीतिक मामलों की समन्वय समिति के संयोजक मल्लिकार्जुन खड़गे, सामाजिक न्याय संबंधी समन्वय समिति के संयोजक सलमान खुर्शीद, संगठन संबंधी समन्वय समिति के संयोजक मुकुल वासनिक ने अपनी-अपनी सिफारिशें पार्टी अध्यक्ष को सौंपी। इनके अलावा कृषि संबंधी समन्वय समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अर्थव्यवस्था संबंधी समन्वय समिति के प्रमुख पी चिदंबरम और युवा मामलों की समिति के संयोजक अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी अपनी-अपनी सिफारिशें सोनिया गांधी को सौंपी।


पार्टी को करेंगे मजबूत

कांग्रेस ने पब्लिक इनसाइटट विभाग, राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्थान और चुनाव प्रबंधन विभाग का गठन करने का भी फैसला किया है। पार्टी ने ‘नवसंकल्प’ में कहा, अगले 90 से 180 दिन में देशभर में ब्लॉक स्तर, जिला स्तर, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर सभी रिक्त नियुक्तियां संपूर्ण कर जवाबदेही सुनिश्चित कर दी जाए। संगठन को प्रभावी बनाने हेतु ब्लॉक कांग्रेस के साथ-साथ मंडल कांग्रेस कमिटियों का भी गठन किया जाए।

मिशन 2024 में छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों पर फोकस

कांग्रेस का फोकस 2024 से पहले होने वाले 10 राज्यों के विधानसभा चुनावों पर है। इनमें छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड, तेलंगाना शामिल हैं। बैठक में गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने कहा कि अगर हम हिमाचल और गुजरात में नहीं जीते, तो 2024 का चुनाव भूल जाइए।

कांग्रेस का नव संकल्प

  • अगले 90 से 120 दिनों में सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा।
  • मंडल कांग्रेस कमेटियां भी बनेंगी।
  • तीन नए विभाग: जन अंतर्दृष्टि विभाग, राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्थान (केरल से शुरू), चुनाव मैनेजमेंट विभाग।
  • कोई भी व्यक्ति एक ही पद पर 5 वर्ष से अधिक समय तक नहीं रह सकता है।
  • सीडब्ल्यूसी, पीसीसी, डीसीसी में 50 से कम उम्र के लोगों के लिए 50% आरक्षण होगा।
  • एक व्यक्ति, एक पद लागू होगा।
  • एक परिवार, एक टिकट 5 साल के क्लॉज के साथ लागू होगा।

गांधी जयंती से भारत जोड़ो यात्रा

सोनिया गांधी ने कहा कि इस साल गांधी जयंती से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा में सभी बूढ़े और जवान शामिल होंगे। यात्रा सांप्रदायिक सौहार्द्र को बनाए रखने में मदद करेगी। इसके अलावा जिले स्तर पर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। सोनिया ने कहा कि, उदयपुर के चिंतन शिविर में लिए गए फैसलों पर जल्द कार्रवाई होगी। उन्होंने आखिर में कहा – वी विल ओवरकम, यही हमारा नव संकल्प है।

राहुल ने भाजपा-संघ पर बोला हमला

इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि, हमारी लड़ाई भाजपा और संघ की विचारधारा से है, इसीलिए ये इतनी आसान नहीं होने वाली है। ये विचारधारा देश के लिए काफी ज्यादा खतरनाक है। उन्होंने कहा कि, मैं इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हूं कि मेरे प्यारे देश में इतना क्रोध और हिंसा फैल सकती है।

प्रातिक्रिया दे