मौसम विभाग का अनुमान, अगले 4-5 दिनों में मानसूनी बारिश
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून सही गति से आगे बढ़ रहा है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 4-5 दिनों में देश के किन हिस्सों में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। आगामी 4-5 दिनों में इन राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में 18 और 19 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। अन्य स्थानों में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसी तरह कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले पांच दिनों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। 16 जून को मराठवाड़ा में, 18 और 19 जून को कोंकण और गोवा में और 19 जून को मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग भारी वर्षा का अनुमान है।
24 घंटों में छत्तीसगढ़ में झमाझम
छत्तीसगढ़ में मानसून ने सही समय पर एंट्री की थी और उसके बाद से प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। वहीं एक हिस्सा ऐसा भी है जहां गर्मी ने अब तक पीछा नहीं छोड़ा है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 17 जून से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
—
मध्यप्रदेश-गुजरात में करना होगा इंतजार
मध्य प्रदेश के साथ ही गुजरात और राजस्थान में मानसून को लेकर कुछ इंतजार करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश में 4-5 दिन के अंदर बारिश शुरू होने का अनुमान है। हालांकि इंदौर, भोपाल समेत अन्य जिलों में प्री-मानसून बारिश जारी है।
—
इन क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट
आईएमडी ने कई क्षेत्रों में हीट वेव की चेतावनी भी जारी की है। उत्तर प्रदेश में 18 जून तक हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी 18 जून तक यही स्थिति रहेगी। बिहार और झारखंड में भी अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
000

