अरुणाचल में फिर भगवा, सिक्किम में एसकेएस ने विपक्षी दलों के लिए छोड़ी सिर्फ एक सीट

—लाेकसभा के नतीजों से पहले दो राज्यों के विधानसभा चुनाव का आया रिजल्ट

–अरुणाचल की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने हासिल की 46 सीटें

इंट्रो

लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले रविवार को पूर्वोत्तरी राज्य सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए। सिक्किम में सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने इतिहास रच दिया। एसकेएम ने क्लीन स्वीप करते हुए 31 सीटों पर जीत हासिल की। विपक्षी दल एसडीएफ को महज एक सीट मिली है। उधर, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता ने सत्ताधारी भाजपा पर फिर से भरोसा जताया। पार्टी ने सीएम पेमा खांडू के नेतृत्व में चुनाव लगा और 60 में से 46 सीटें जीत लीं।

नई दिल्ली/ईटानगर। भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए रविवार को 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य में 60 में से 50 विधानसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ मतदान हुआ था। भाजपा ने 10 सीट पहले ही निर्विरोध जीत ली थीं। अधिकारियों के अनुसार, जिन 50 सीट पर मतदान हुआ, उनमें से भाजपा ने 36 सीट पर जीत दर्ज की और मुख्यमंत्री पेमा खांडू निर्विरोध जीतने वाले 10 उम्मीदवारों में से एक हैं। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को पांच सीट मिलीं, जबकि पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने तीन सीट पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने एक सीट जीती और तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं। भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में 2019 के विधानसभा चुनाव में 41 सीट पर जीत हासिल की थी।

इधर, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) 32 सदस्यीय विधानसभा में 31 सीट पर जीत दर्ज करके रविवार को लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सिक्किम में अपनी सत्ता बरकरार रखी। वर्ष 2019 तक लगातार 25 साल राज्य पर शासन करने वाला सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) महज एक सीट जीत पाया है। एसडीएफ अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग दोनों सीट पर हार गए हैं। उन्होंने दो सीट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, एसकेएम अध्यक्ष और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी दो सीट पर चुनाव लड़े थे और उन्होंने दोनों सीट पर जीत दर्ज की। एसकेएम को 58.38 प्रतिशत वोट मिले। एसकेएम ने 2019 के विधानसभा चुनाव में 17 सीट जीती थीं। सिक्किम में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अरुणाचल में भाजपा की जीत पर राज्य के लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, धन्यवाद अरुणाचल प्रदेश! इस अद्भुत राज्य की जनता ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है। अरुणाचल में भाजपा पर एक बार फिर अपना विश्वास जताने के लिए उन्हें मेरा आभार। हमारी पार्टी राज्य के विकास के लिए और भी अधिक उमंग के साथ काम करेगी। मोदी ने यह भी कहा, मैं चुनाव अभियान में अरुणाचल के असाधारण भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करना चाहूंगा। जिस तरह वे पूरे राज्य में गए और लोगों से जुड़े, वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा और तमांग को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, सिक्किम विधानसभा चुनाव-2024 में जीत के लिए एसकेएम और मुख्यमंत्री पीएस तमांग को बधाई। मैं आने वाले समय में सिक्किम की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के साथ काम करने की आशा करता हूं। प्रधानमंत्री की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए तमांग ने उन्हें धन्यवाद दिया।

सिक्किम में एसकेएम का क्लीन स्वीप

पार्टी कुल सीटें-32

सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा-एसकेएम 31

सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट- एसडीएफ- 01

बहुमत 17


अरुणाचल प्रदेश में कमल का जलवा

पार्टी कुल सीटें-60

भाजपा 46

नेशनल पीपुल्स पार्टी 05

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी 03

पिपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल 02

इंडियन नेशनल कांग्रेस 01

निर्दलीय 03

बहुमत 31


पांच बार सीएम रहे चामलिंग दोनों सीट से हारे

सिक्किम के पांच बार मुख्यमंत्री रहे और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) सुप्रीमो पवन कुमार चामलिंग रविवार को दोनों विधानसभा सीट, पोकलोक-कामरंग और नामचेयबुंग से हार गए। आठ बार के विधायक चामलिंग अपने गृह जिले में पोकलोक-कामरंग सीट पर ‘सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा’ के उम्मीदवार भोजराज राय से 3,063 मतों के अंतर से हार गए। अधिकारियों ने बताया कि राय को 8,037 वोट मिले, जबकि चामलिंग को 4,974 वोट मिले। अर्जुन राय (भाजपा) और संजू राय (सीएपी-एस) को पोकलोक-कामरंग सीट पर क्रमश: 739 और 691 वोट मिले।

विकास की राजनीति को मिला स्पष्ट जनादेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत को विकास की राजनीति को मिला स्पष्ट जनादेश करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए उनकी पार्टी और भी अधिक उत्साह के साथ काम करती रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने 60-सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, धन्यवाद अरुणाचल प्रदेश! इस अद्भुत राज्य के लोगों ने विकास की राजनीति को स्पष्ट जनादेश दिया है।

कांग्रेस ने कहा-जनादेश स्वीकार

अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में केवल एक सीट जीतने में सफल रही कांग्रेस ने रविवार को कहा कि उसे जनादेश स्वीकार है। राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए गए। अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नबाम तुकी ने कहा कि पार्टी चुनाव परिणामों से निराश है लेकिन हतोत्साहित नहीं है। कांग्रेस ने 60 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में 19 उम्मीदवार उतारे थे और उसे केवल पूर्वी कामेंग जिले में बामेंग सीट पर जीत हासिल हुई। तुकी ने एक बयान में कहा कि पार्टी जिम्मेदारी की भावना के साथ लोगों के जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करती है।


आंध्र में भाजपा की जय-जय

आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के विभिन्न एग्जिट पोल में आंध्र में एनडीए की सरकार बनती दिखाई दे रही है। इसका मतलब यह हुआ कि राज्य की वाईएसआर कांग्रेस की सरकार से जनता खुश नहीं है। उसे जब मौका मिला है तो वह वाईएस जगन मोहन रेड्डी की सरकार को विधानसभा और लोकसभा दोनों के चुनावों में हराने का मन बना लिया है। इसका एक आकलन यह भी है कि एनडीएन में शामिल तीनों दल अपना-अपना वोट एक-दूसरे की पार्टी को ट्रांसफर करा पाने में सफल रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पिछले चुनाव में शून्य सीट पाने वाली बीजेपी के लिए चार-छह सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है, वहीं जगन की बहन वाई एस शर्मिला के कांग्रेस में शामिल होने और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर विराजमान होने का कोई फायदा होता हुआ नहीं दिख रही है। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को शून्य सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आंध्र-ओडिशा के कल आएंगे नतीजे

ओडिशा और आंध्र प्रदेश की मतगणना चार जून को होगी। आंध्र प्रदेश में चार एग्जिट पोल ने भाजपा, टीडीपी और जन सेना पार्टी के गठबंधन को बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, दो एग्जिट पोल में वायएसआरसीपी को बहुमत मिलता दिख रहा है। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल रही।

0000

प्रातिक्रिया दे