मानसून ने केरल और पूर्वोत्तर में दी दस्तक

पूर्वानुमान से एक दिन पहले पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून

नई दिल्ली। चक्रवात रेमल के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल तट और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले ही दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि चक्रवात ने मानसून के प्रवाह को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया, जो पूर्वोत्तर में समय से पहले मानसून के दस्तक देने का एक कारण हो सकता है। चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट से टकराया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा, दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे चुका है और आज यानी 30 मई 2024 को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों की ओर बढ़ गया है। इससे पहले 15 मई को मौसम विभाग ने मानसून के 31 मई को केरल में दस्तक देने की घोषणा की थी। केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप मई में अतिरिक्त बारिश दर्ज की गयी है। केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि एक जून और अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर व असम में मानसून के दस्तक देने की तिथि पांच जून है।

इन राज्यों को मिलेगी राहत

पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में मानसून के आने की सामान्य तारीख 5 जून है। इसी दौरान अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कोमोरिन, मालदीव, लक्षद्वीप के बाकी हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बनती जा रही हैं। इसके बाद यहां झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है।

0000

प्रातिक्रिया दे