—
—मिजोरम में बड़ा हादसा, छह-सात मजदूर के अलावा कई लापता
—भारी बारिश से बचाव कार्य प्रभावित, अब तक 17 शव बरामद
— इमारत बह गई, तीन लापता, देश के बाकी हिस्सों से कटा आइजोल
मिजोरम के आइजोल जिले में ‘रेमल’ चक्रवात के प्रभाव से मूसलाधार बारिश हो रही है। ऐसे में मंगलवार सुबह पत्थर की खदान ढहने से दो नाबालिग समेत कम के कम 17 लोगों की मौत हो गई जबकि छह-सात अन्य लोग लापता हो गए। भारी बारिश के चलते रेस्क्यू में बाधा आ रही है, ऐसे में कई मजदूरों के फंसे होने का अंदेशा जताया गया है। इधर, राज्य की राजधानी के दूसरे इलाकों में भी भूस्खलन के चलते कई अन्य लोग लापता हो गए हैं।
आइजोल। घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। मिजोरम के पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने बताया, हमने अब तक 17 शव बरामद किए हैं और बचाव अभियान जारी है। हमें आशंका है कि छह-सात और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण आपदा स्थल पर बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। शुक्ला ने कहा कि बारिश के कारण राज्य में कई अन्य स्थानों पर भूस्खलन हुआ और कम से कम दो लोग बह गए। आइजोल के उपायुक्त नाजुक कुमार ने कहा कि जब तक मलबा साफ नहीं हो जाता, तब तक तलाश अभियान जारी रहेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हो गए, और उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से अलग हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने खदान ढहने और बारिश के कारण हुई आपदाओं में मारे गए लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खदान ढहने से मारे गए आठ मिजो लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे और कहा कि शेष राशि उन्हें जल्द ही दी जाएगी। गृह मंत्री के सपडांगा ने बताया, चार गैर-आदिवासी लोगों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। यदि वे मिजोरम के स्थायी निवासी हैं, तो उन्हें अनुग्रह राशि दी जाएगी। यदि वे अस्थायी रूप से काम करने के लिए यहां आए हैं, तो उनके परिवार को कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलेगी। लालदुहोमा ने कहा कि सरकार ने चक्रवात रेमल के परिणामस्वरूप हुई बारिश से संबंधित आपदाओं से निपटने के लिए 15 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। बाद में, लालदुहोमा ने आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग के मंत्री सपडांगा के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए पत्थर खदान स्थल का दौरा किया। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए है और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।
30 परिवारों का रेस्क्यू
इस बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आइजोल से लगभग 21 किलोमीटर दूर सैरांग गांव में तलावंग नदी में अभूतपूर्व बाढ़ के कारण 30 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, नदी के किनारे स्थित कई खेत पानी में डूब गए हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आइजोल शहर में, कुछ कब्रिस्तान भी भूस्खलन से बह गए हैं, और 150 से अधिक कब्रें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
—
बारिश के कारण बचाव अभियान हो रहा प्रभावित
भारी बारिश के कारण बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। मिजोरम के डीजीपी ने कहा कि पुलिस के जवान बचाव कार्य में लगे हुए हैं। नदियों का जल स्तर भी बढ़ रहा है और नदी के किनारे के इलाकों में रहने वाले कई लोगों को हटा दिया गया है।
बंद रहेंगे स्कूल
इसके अलावा, कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से बाधित हुए हैं। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।
–
दो साल पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
मिजोरम में ठीक ऐसा ही एक हादसा दो साल पहले भी हो चुका है। प्रदेश के हनथियाल जिले में 14 नवंबर 2022 को एक पत्थर की खदान ढह गई थी। खनन के दौरान कई बड़े-बड़े पत्थर ऊपर से टूटकर मजदूरों पर गिर पड़े थे, जिसके मलबे के ढेर में 12 मजदूर दब गए थे। असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) स्थानीय पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन किया था, जिसके बाद खदान में दबे 11 मजदूरों के शव बरामद किए गए थे।
—
असम में भारी बारिश से एक छात्र समेत दो की मौत
असम में भी आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज के छात्र की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। जबकि, लखीमपुर में लैंडस्लाइड के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।
00

