(फोट : जयंत सन)
हजारीबाग। हजारीबाग से बीजेपी के सांसद जयंत सिन्हा के बेटे आशीर सिन्हा झारखंड में कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जयंत सिन्हा के बेटे आशिर सिन्हा झारखंड कांग्रेस का हिस्सा होंगे और उन्हें कुछ भूमिका दी जाएगी। हालांकि ये अभी तय नहीं हुआ है। उधर बीजेपी प्रवक्ता विनय कुमार ने कहा है कि हजारीबाग से अगर कोई कांग्रेस में शामिल हुआ है तो ये हमारे लिए कोई समस्या की बात नहीं है। बता दें, 2 मार्च को टिकट के ऐलान से ठीक पहले जयंत सिन्हा ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया था। जयंत के पिता व आशीर के दादा यशवंत सिन्हा एनडीए की सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने पिछली बार राष्ट्रपति का चुनाव भी लड़ा था। उन्होंने 2018 में ही बीजेपी छोड़ दी थी।
झारखंड में हजारीबाग लोकसभा सीट पर 20 मई को मतदान होना है। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 1998 के बाद ऐसा यह पहली बार है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के परिवार का कोई सदस्य हज़ारीबाग़ से चुनाव नहीं लड़ रहा है। कांग्रेस ने इस सीट से जेपी पटेल को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। जहां तक बीजेपी की बात है, इस सीट से पार्टी ने मनीष जायसवाल पर भरोसा जताया है। वो सदर विधायक हैं। यहां ये बताना जरूरी है कि झारखंड में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में आशिर सिन्हा की पार्टी में क्या भूमिका होती है।
000000

