पित्रोदा ने कहा- पूर्वोत्तर वाले चीनी, दक्षिण के लगते हैं अफ्रीकी, रंगभेद पर भड़के पीएम

—सैम पित्रोदा ने कराई कांग्रेस की फजीहत, पीएम मोदी बोले-देशवासियों को दी गाली

— विरासत टैक्स के बाद एक और कड़वे बोल पर जमकर हंगामा

इंट्रो

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने पिछले दिनों विरासत टैक्स की बात कहकर बीच चुनाव में नया मुद्दा खड़ा कर दिया था। अब नए बयान से फिर विवाद खड़ा हो गया है। पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा कि पूर्वी भारत में लोग चीन जैसे दिखते हैं। पश्चिम के लोग अरब जैसे हैं और उत्तर वाले गोरों की तरह और दक्षिण भारतीय तो अफ्रीकी जैसे लगते हैं। यह मायने नहीं रखता। हम सभी एक हैं और भाई-बहन हैं। सैम के इस बयान पर भाजपा हमलावार हो गई है। पीएम मोदी ने एक सभा में कहा कि देशवासियों को गाली दी गई है।

नई दिल्ली। सैम पित्रोदा ने एक मीडिया हाउस से बात करते हुए भारतीयों के रंग-रूप को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के लोग चीनी जैस दिखते हैं। दक्षिण भारतीय तो अफ्रीकी जैसे हैं और उत्तर भारतीय कुछ हद तक गोरे हैं। भारत की विविधता की बात करते हुए सैम पित्रोदा की ऐसी टिप्पणी नया विवाद खड़ा कर सकती है। पित्रोदा के बयान के बाद भाजपा ने जमकर हमला बोला, वहीं कांग्रेस ने इस बयान से किनारा कर लिया।

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने कहा, ‘हम विविधता में एकता बनाए रख सकते हैं, जैसे अब तक ही है। बीते 75 सालों में हमने एक अच्छा माहौल तैयार किया है, जहां हर कोई रह सकता है।’ उन्होंने कहा, ‘हम भारत जैसे विविधता वाले देश को साथ रख सकते हैं। पूर्वी भारत में लोग चीन जैसे दिखते हैं। पश्चिम के लोग अरब जैसे हैं और उत्तर वाले गोरों की तरह और दक्षिण भारतीय तो अफ्रीकी जैसे लगते हैं। यह मायने नहीं रखता। हम सभी एक हैं और भाई-बहन हैं।’ सैम पित्रोदा ने द स्टेट्समैन को दिए इंटरव्यू में यह बात कही है, जो अब वायरल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत के लोग भाषायी, धार्मिक और खान-पान की विविधता का सम्मान करते हैं, जो क्षेत्रवार अलग-अलग है। मैं इसी भारत में यकीन रखता हूं। जहां हर किसी के लिए जगह है और उसे अपने तरीके से जिंदगी जीने का मौका मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का विचार लोकतंत्र, स्वतंत्रता, उदारता का है, जिसे आज राम मंदिर से चुनौती दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम अकसर मंदिरों में ही जाते हैं। वह राष्ट्रीय नेता की तरह बात ही नहीं करते हैं बल्कि भाजपा नेता की तरह चर्चा करते हैं। अब सैम पित्रोदा के इंटरव्यू की यह क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

कांग्रेस ओवरसीज के प्रमुख सैम पित्रोदा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस ने भी इसकी पुष्टि की है। पार्टी के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने बताया कि सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है।

पीएम मोदी ने राहुल गांधी को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस और राहुल गांधी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि आज मैं बहुत गुस्से में हूं। शहजादे के एक अंकल ने आज ऐसी गाली दी है, जिसने मुझे गुस्से में भर दिया है। संविधान सिर पर रखने वाले लोग देश की चमड़ी का अपमान कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमने अपने कार्यकाल में आदिवासी बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया लेकिन कांग्रेस ने इसका भरपूर विरोध किया। मैं बहुत सोच रहा था कि द्रौपदी जी जिनकी बहुत अच्छी प्रतिष्ठा है, आदिवासी समाज की बेटी हैं। उसको हम राष्ट्रपति बना रहे हैं तो कांग्रेस उन्हें हराने के लिए इतनी मेहनत क्यों कर रही है? मुझे समझ नहीं आता था। मैं सोचता था कि शहजादे का दिमाग ऐसा ही है इसलिए विरोध कर रहे हैं लेकिन मुझे आज पता चला कि कांग्रेस पाटी का मुर्मू को हराने के लिए मैदान में क्यों उतरी थी।

क्या कहा था सैम पित्रोदा ने?

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की विवादित रूप से तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि भारत एक अत्यंत विविधता भरा देश है, जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीन के लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण में रहने वाले अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं। लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि हम अलग-अलग भाषाओं, धर्मों और रीति-रिवाजों का सम्मान करते हैं. ये वही भारत है, जिस पर मेरा भरोसा है, जहां हर किसी का सम्मान है और हर कोई थोड़ा-बहुत समझौता करता है।

भाजपा ने घेरा, जमकर की आलोचना

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सैम पित्रोदा भारत को नहीं समझते हैं। वो राहुल गांधी के सलाहकार हैं। अब समझ आता है कि राहुल गांधी इतना अनाप-शनाप क्यों बोलते हैं? इन लोगों को देश की कुछ समझ नहीं है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ये पप्पू के प्रॉक्सी प्रोफेसर हैं. इनके इसी ज्ञान से कांग्रेस देश की पार्टी से अब मोहल्ले की पार्टी बनकर रह गई है। विदेश में बैठकर हमारे देश के बारे में गाली देते रहते हैं। गुरु नंबरी और चेला 10 नंबरी है। केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल ने पित्रोदा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये लोग हताश हैं, कुछ भी बोलते रहे हैं। ये शर्मनाक है। देश को तोड़ने के अलावा इनके पास कोई बात नहीं है। कोई नेता और कोई नीयत नहीं है इन लोगों के पास। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, सैम भाई, मैं पूर्वोत्तर से हूं और भारतीय दिखता हूं। हम विविधता में यकीन रखते हैं। हम अलग-अलग दिख सकते हैं, लेकिन सभी लोग एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो।

00000000

प्रातिक्रिया दे