— चांपा की जन आशीर्वाद सभा में गरजे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन
—
खास बातें
00 कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर जमकर साधा निशाना
00 केंद्र में रहे यूपीए सरकार की उपलब्धियां बताई
—
इंट्रो
जन आशीर्वाद सभा में मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि भाजपा ने देश को तोड़ने का काम किया है, जबकि कांग्रेस जोड़ने का काम करती है। लोकसभा का यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है।
—
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत चांपा के भालेराय खेल मैदान में आयोजित जन आशीर्वाद सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि केंद्र में यदि उनकी सरकार बनती है तो किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। एमएसपी का कानून भी लाया जाएगा। जबकि भाजपा के प्रधानमंत्री को केवल अपने उद्योगपति मित्रों के हित संरक्षण की चिंता है और वे सबका साथ नहीं सबका विनाश की नीति पर चल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र में जब यूपीए की सरकार रही तो खाद्य सुरक्षा कानून, मनरेगा, आरटीई जैसे कानून बनाकर किसान, मजदूर व गरीब वर्ग के हितों की रक्षा की गई है। वहीं भाजपा ने अपनी नीतियों एवं योजनाओं से हर वर्ग का हक छीनने का काम किया है। कांग्रेस ने देश को आजाद कराकर संविधान बनाकर हर वर्ग को मजबूत बनाने का काम किया है। श्री खड़गे ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जो कहते हैं वह करते नहीं। आज केन्द्र सरकार के कार्यों से देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी बढ़ी है। देश पर कर्जा बढ़ा है। भाजपा ने ही महिलाओं का मंगल सूत्र छीनने का काम किया है। श्री खड़गे ने देश में संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के हाथ का साथ देने की बात कहते हुए जन मानस से कहा कि विकास, रोजगार तथा हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए हाथ चिन्ह पर मतदान होना चाहिए, नहीं तो भाजपा की नीतियों से देश का गरीब कुचला जाएगा और किसानों का बर्बाद होना मुमकिन है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कोरोना वैक्सीन के साइट इफेक्ट का भी उल्लेख किया।
जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, विधायक कविता प्राण लहरे, रामकुमार यादव, कांग्रेस नेता जनकराम वर्मा ने भी संबोधित करते हुए मोदी की गारंटी को पूरी तरह से फेल बताया। कार्यक्रम का संचालन नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तथा आभार प्रदर्शन विधायक ब्यास कश्यप ने किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, कांग्रेस नेत्री फूलोदवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जांगिड़, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शिव डहरिया, विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र सिंह, शेषराज हरवंश, रामकुमार यादव, संदीप साहू, कविता प्राण लहरे, जिला संगठन प्रभारी अर्जुन तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश शर्मा आदि मंचस्थ रहे।
—
मंगलसूत्र वाले बयान पर पीएम को घेरा
भाजपा के नेतृत्व वाले केंद्र पर निशाना साधते हुए खड़गे ने मंगलसूत्र वाले बयान को लेकर भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला। उन्होंने कहा, हमने 55 साल तक देश पर शासन किया लेकिन क्या हमने किसी का मंगलसूत्र छीना या लोगों को सलाखों के पीछे डालने के लिए ईडी, आयकर विभाग का दुरुपयोग किया? कहा, भाजपा ने ‘विकास’ नहीं, बल्कि ‘सत्यानाश’ किया है और अगर ऐसा प्रधानमंत्री पांच साल और रहेगा तो देश बर्बाद हो जाएगा।
—
भूपेश ने कहा- जनहितकारी योजनाओं को बंद कर रही सरकार
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित किया। भूपेश बघेल ने अपने छत्तीसगढ़िया अंदाज में भाषण देकर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया। भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की चुटकी ली। भूपेश ने पूर्व के कांग्रेस सरकार की नरवा, गरुआ, घुरुआ, बारी योजना को सांय सांय बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय की सरकार पुरानी जन हितकारी योजनाओं को लगातार बंद करती जा रही है।
00000

