मोदी बोले-मेहनत से जुटाई आपकी संपत्ति छीन लेगा कांग्रेस का पंजा

—-सरगुजा की जनता को प्रधानमंत्री ने किया संबोधित, विपक्ष पर साधा निशाना

—धर्म और आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर बोला जमकर हमला

—भाजपा प्रत्याशी चिंतामणी महराज के लिए मांगा वोट


इंट्रो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब संविधान बन रहा था तो बाबा साहेब अम्बेडकर के नेतृत्व में यह तय किया गया था कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। आरक्षण दलित, आदिवासी भाई बहनों के लिए होगा लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने कभी इन महापुरुषों की बातों की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि आपने जो मेहनत से संपत्ति जुटाई है वह आपके बच्चों को नहीं मिलेगी, कांग्रेस का पंजा आपसे संपत्ति छीन लेगा।

अंबिकापुर। पीएम मोदी ने बुधवार को पीजी कॉलेज मैदान से सरगुजा की जनता को संबोधित करते हुए धर्म और आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही कांग्रेस के जातिगत जनगणना पर भी प्रहार किया। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर 15 प्रतिशत आरक्षण की बात कही। यह भी कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी का जो कोटा है उसी में से चुराकर धर्म के आधार पर कुछ लोगों को आरक्षण दिया जाएगा। वर्ष 2009 के घोषणापत्र में कांग्रेस ने यही इरादा भी जताया। 2014 के घोषणापत्र में भी इन्होंने साफ साफ कहा था कि वो इस मामले को कभी भी छोड़ेंगे नहीं। मतलब धर्म के आधार पर आरक्षण देंगे। अगर दलितों, आदिवासियों का आरक्षण कट करना करना पड़े तो करेंगे। कई साल पहले कांग्रेस ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण लागू भी कर दिया था। जब वहां बीजेपी सरकार आई तो हमने संविधान व बाबा साहेब आंबेडकर की भावना के विरुद्ध कांग्रेस ने जो निर्णय किया था उसको उखाड़कर फेंक दिया व दलितों, आदिवासियों को उनका अधिकार वापस दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कर्नाटक सरकार ने एक और गुनाह किया। मुस्लिम समुदाय में जितनी भी जातियां हैं सबको उन्होंने ओबीसी बना दिया, यानी जो लाभ हमारे देश के ओबीसी समाज को लाभ मिलता था उसका बड़ा हिस्स्सा कटकर चला गया। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय का अपमान किया और इसकी हत्या की। कांग्रेस ने भारत के सेक्युलरिज्म की हत्या की। कांग्रेस अब इसे पूरे देश में लागू करना चाहता है। कांग्रेस संविधान बदलकर एसटी, एससी व ओबीसी का हक अपने वोटबैंक को देना चाहती है। मै अपने गरीब, दलित, ओबीसी के भाई बहनों को कहना चाहता हूं कि कांग्रेस के इरादे नेक और संविधान के अनुरूप नहीं है। सामाजिक न्याय, भारत की विविध सांप्रदायिकता के अनुरूप नहीं है। संविधान की रक्षा सिर्फ भारतीय जनता पार्टी कर सकती है। इस दौरान कार्यक्रम को सांसद प्रत्याशी चिंतामणी महराज, मंत्री रामविचार नेताम, लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, श्रीमती रेणुका सिंह, राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, राम कुमार टोप्पो, शकुंतला सिंह पोर्ते, वरिष्ठ नेता राम सेवक पैकरा, अखिलेश सोनी, ललन प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

फिर से दोहराई मुस्लिम लीग की बात

आज अपने भाषण में पीएम मोदी ने एक बार फिर से कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर हमला किया। उन्होंने कहा कि आज जब मैं सरगुजा आया हूं तो कांग्रेस की मुस्लिमलिगी सोच को देश के सामने रखना चाहता हूं। जब कांग्रेस का घोषणापत्र आया उसी दिन मैंने कह दिया था कि कांग्रेस के घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है।

कांग्रेस की नजर जनता की कमाई पर भी

पीएम श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नजर सिर्फ आपके आरक्षण पर ही नहीं है। कांग्रेस की नजर आपकी कमाई, मकान, दूकान, खेत-खलिहान पर भी है। कांग्रेस के एक साहबजादे का कहना कि ये देश के हर परिवार की संपत्ति का एक्स रे करेंगे। हमारी माताओं बहनों के पास जो थोड़ा बहुत स्त्री धन होता है, गहने जेवर होते हैं कांग्रेस उनकी भी जांच कराएगी। सरगुजा में हमारी आदिवासी बहनें हसुली, मंगलसूत्र पहनती हैं कांग्रेस ये सब आपसे छीनकर मुस्लिम समाज के लोगों को बांट देगी। कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आने के बाद एक के बाद क्रांतिकारी कदम उठाएगी लेकिन ऐसे सपने मत देखो। देश की जनता आपको ऐसा मौका नहीं देगी।

सरगुजा के लाल किले का जिक्र

आज पीएम ने अपने भाषण की शुरुआत वर्ष 2013 में बनाए गए प्रतीकात्मक लाल किले से शुरू की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जब मुझे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था तब अंबिकापुर में ही आपने लाल किला बनाया था। जो कांग्रेस आए दिन मोदी पर हमला करने की जगह ढूंढती रहती है उस पूरी टोली ने उस समय मुझपर बहुत हमला किया था कि लाल किला कैसे बनाया जा सकता है।अभी तो प्रधानमंत्री का चुनाव भी नहीं हुआ है। कांग्रेस ने तूफान खड़ा कर दिया था लेकिन ये आपकी सोच थी, नरेंद्र मोदी लाल किले पर पहुंचा और राष्ट्र को सम्बोधित किया। आज अंबिकापुर वही आशीर्वाद फिर से दे रहा है।

कांग्रेस के भ्रष्टाचारी पंजे को साफ किया

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले मैंने छत्तीसगढ़ व आपसे कांग्रेस का भ्रष्टाचारी पंजा हटाने के लिए आशीर्वाद मांगा था। आपने मेरी बात का मान रखा और इस भ्रष्टाचारी पंजे को साफ कर दिया। आप सब के आशीर्वाद से सरगुजा के आदिवासी समाज की संतान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश के सपनों को साकार कर रहा है। सीएम विष्णुदेव साय प्रदेश के विकास के लिए बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। इतने कम समय में रॉकेट की गति से सरकार चलाई चलाई है। किसानों को दी गारंटी पूरी कर दी। तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी ज्यादा पैसा मिल रहा है। खरीदी भी तेजी से हो रही है। माताओं बहनों को महतारी वंदन योजना से लाभ हुआ है। छत्तीसगढ़ में जिस तरह कांग्रेस के घोटालेबाजों पर एक्शन हो रहा है ये पूरा देश देख रहा है।

तो कांग्रेस वालों का माथा गर्म हो जाता है

पीएम श्री मोदी ने कहा कि आज आपसे विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के लिए आशीर्वाद मांगने आया हुआ। जब मैं विकसित भारत कहता हूं तो कांग्रेस वालों का और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गर्म हो जाता है। अगर भारत शक्तिशाली हो गया तो कुछ ताकतों का खेल ही बिगड़ जाएगा। आज अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी इसलिए वो भारत में कांग्रेस व इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। ऐसी कांग्रेस सरकार जो आपस में लड़ती रहे और घोटाले करती रहे।

आतंकवादियों के मरने पर बहाती है आंसू

आतंकवाद व नक्सलवाद को लेकर पीएम ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। पीएम श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लालच में देश को तबाह करने का रहा है। देश में आतंकवाद, नक्सलवाद कांग्रेस के कारण फैला। कांग्रेस के कुशासन और लापरवाही के कारण देश बर्बाद हो गया। आज भाजपा सरकार आतंकवाद व नक्सलवाद के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है लेकिन कांग्रेस हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है। इतना ही नहीं जो लोग निर्दोषों को मारते हैं, लोगों का जीना हराम कर देते हैं, पुलिस पर हमला करते हैं, अगर वो मारे जाए तो कांग्रेस वाले उनको शहीद कहते हैं। जब आप ऐसे लोगों को शहीद कहते हैं तो देश के वीर शहीदों का अपमान करते हैं। इसी देश की सबसे बड़ी नेता आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती है। ऐसी करतूतों के कारण कांग्रेस देश भरोसा खो चुकी है।

कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के खतरनाक इरादे एक के बाद एक खुलकर सामने आ रहे हैं। शाही परिवार के साहबजादे के सलाहकार ने कहा था कि देश का मध्यमवर्गीय परिवार, मेहनत करके कमाते हैं उन पर ज्यादा टैक्स लगना चाहिए। ये लोग उससे भी एक कदम आगे बढ़ गए हैं। अब कांग्रेस का कहना है कि वो इन हेरिटेंस टैक्स लगाएगी। माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी। आप जो अपनी मेहनत से संपत्ति जुटाते हैं वो आपके बच्चों को नहीं मिलेगी बल्कि कांग्रेस सरकार का पंजा उसे आपसे छीन लेगा। कांग्रेस का मंत्र है कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। जब तक आप जीवित रहेंगे कांग्रेस आपको ज्यादा टैक्स से मारेगी और जब जीवित नहीं रहेंगे तो इन हेरिटेंस टैक्स का बोझ लाद देगी।

लबरा कांग्रेस को लोकसभा में भी सिखाएं सबक : सीएम

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा की शंखनाद रैली को पीएम नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद मिलेगा। पीएम ने भारत का मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। आपने जिस तरह मोदी की गारंटी में करके विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया और 14 सीटों पर जीत दिलाई। झूठे लबरा कांग्रेस को विधानसभा की तरह लोकसभा में सबक सिखाना है और पूरे छत्तीसगढ़ में सूपड़ा साफ करना है।

00000

प्रातिक्रिया दे