नामांकन के बहाने भाजपा और कांग्रेस ने दिखाया दम

0 सीएम साय ने कहा- सांय-सांय पूरी हो रही मोदी की गारंटी

0 भूपेश ने कहा – काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती, किया कांग्रेस ने जीत का दावा

फोटो कांग्रेस पार्टी 15-11 व 12, 14, 19

फोटो भाजपा पार्टी 15-13, 15 व 16

दुर्ग। सोमवार का दिन दुर्ग में भाजपा और कांग्रेस के बीच शक्ति प्रदर्शन का रहा। लोकसभा के लिए नामांकन रैली के बहाने दोनों दलों ने जोरअजमाइश की। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल का नामांकन दाखिल कराने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय सहित तमाम दिग्गज पहुंचे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू के नामांकन रैली में उत्साह भरने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व केबिनेट मंत्री रवींद्र चौबे सहित कांग्रेस के आला नेता भी आए।

मानस भवन दुर्ग में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अलग अंदाज में नामांकन रैली में शामिल कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 400 पार का नारा देकर मोदी सरकार बनाने का आव्हान किया। वहीं गंजमंडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि काठ की हांड़ी नहीं चढ़ती है। लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी। दुर्ग सहित कांग्रेस छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर बेहतर प्रदर्शन करेगी। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव ने हेलीपेड में स्वागत कर सभास्थल से लेकर रैली तक मुख्यमंत्री की अगुवाई की। भाजयुमो ने विशाल बाइक रैली निकालकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत किया। मानस भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में सांय-सांय पूरी-पूरी हो रही मोदी की गारंटी और इससे बौखलाई कांग्रेस हो रही आंय बांय। भारी संख्या में कांग्रेसियों का भाजपा में शामिल होना बता रहा है की कांग्रेस डूबती नैय्या है। इस बार चुनाव में देश के नाम भाजपा को वोट देकर कांग्रेस को शून्य पर लाना है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रत्याशी विजय बघेल ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि दुर्ग लोकसभा में विकास की निरंतरता को बनाये रखने घर-घर कमल खिलाना है। मोदी और विजय बघेल की लहर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को पूरा किया है। विधायक गजेंद्र यादव ने कहा की भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है। धारा 370 हो, महिलाओं के लिए आरक्षण हो या राम मंदिर का निर्माण या फिर छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन और 3100 में धान खरीदी का वादा भाजपा का हर संकल्प, मोदी की गारंटी है। सभा के बाद भाजपाई बड़ी रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल का नामांकन दाखिल किया गया। इस दौरान वैशालीनगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, ललित चंद्राकर सहित भारतीय जनता पार्टी के संगठन जुड़े लोग मौजूद थे।

बाक्स

गंज मंडी में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता

दुर्ग स्थित पुराना गंजमंडी में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हुए। गंजमंडी में सभा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि 10 साल में केंद्र की मोदी सरकार ने जनता को छलने का काम किया है। लेकिन इस बार जनता किसी छलावे में नहीं आएगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि दुर्ग लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू, पाटन विधानसभा चुनाव में मुख्य चुनाव संचालक रहे और राजेंद्र के नेतृत्व में पाटन के बाद दुर्ग लोकसभा में भी कांग्रेस का परचम लहराएगा। श्री बघेल ने कहा कि हर कांग्रेस कार्यकर्ता की आवाज से पार्टी ने राजेंद्र साहू को उम्मीदवार बनाया है। लोकसभा क्षेत्र के पूरे कार्यकर्ता राजेंद्र साहू बनकर चुनाव लड़ रहे हैं। श्री बघेल ने कांग्रेस के न्याय पत्र की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र में सरकार बनी तो गृहलक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 1 लाख रुपए, मनरेगा मजदूरों की मजदूरी में वृद्धि और किसानों को समर्थन मूल्य दिया जाएगा। सभा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधायक रविन्द्र चौबे, अरूण वोरा, विधायक अनिल भेडिया, प्रदीप चौबे, प्रतिमा चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू का नामांकन दाखिल कराने कलेक्टोरेट पहुंचा। नामांकन दाखिले के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने दुर्ग स्थित नगर देवी मां चंडी मंदिर जाकर सपत्निक मां को चुनरी चढ़ाकर आशीर्वाद लिया, तत्पश्चात सती चौरा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

00000

प्रातिक्रिया दे