—केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध, आप-कांग्रेस ने किया ऐलान
–विपक्षी नेताओं ने सरकार पर चलाए जमकर तीर
—
इंट्रो
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया गठबंधन ने दिल्ली में एक महारैली आयोजित करेगी। आप और कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। रैली राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए 31 मार्च की तारीख तय की गई है।
—
नई दिल्ली। विपक्षी नेताओं ने कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘रामलीला मैदान चलो’ का नारा दिया। इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के नेता आतिशी, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज मौजूद थे। इसके अलावा कांग्रेस नेता और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली मौजूद थे।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, देश के अंदर जिस तरह प्रधानमंत्री तानाशाही रवैया अपनाते हुए देश में लोकतंत्र की हत्या कर दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया है, उससे देश में संविधान और लोकतंत्र से मोहब्बत करने वाले लोगों के दिलों में आक्रोश है। ये सिर्फ अरविंद केजरीवाल की बात नहीं है। विपक्षी पार्टी के नेताओं ने कहा, देश में एक-एक करके संपूर्ण विपक्ष को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री एजेंसी का इस्तेमाल करके, विधायक खरीदकर, विपक्ष को खरीदकर, फर्जी मुकदमे कर गिरफ्तारी की साजिश हो रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया। पश्चिम बंगाल से लेकर बिहार तक इंडिया गठबंधन के नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाकर चुप कराने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली और देश में प्रदर्शन जारी हैं। आगामी दिनों में प्रदर्शन जारी रहेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान गठबंधन के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर इंडिया गठबंधन के नेता अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन सबको निशाना बनाया जा रहा है। दिल्ली में एक तरफ मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया और दूसरी तरफ दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है। शनिवार को उन्हें प्रदर्शन नहीं करने दिया गया।
गठबंधन के नेताओं ने कहा, ‘हमारे दफ्तर को चुनाव के समय सील कर दिया गया। दिन भर शहीदी दिवस के मौके पर उनके नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धांजलि देने आए नेताओं को रोका गया। भाजपा कह रही है कि भ्रष्टाचार अरविंद केजरीवाल ने किया। लेकिन भाजपा ने किस तरह से शराब घोटाले के आरोपी से इलेक्टोरल बांड से पैसा लिया, ये सबके सामने आ गया। घोटाला का आरोप आप पार्टी पर लगा जबकि 60 करोड़ रुपये भाजपा को इलेक्टोरल बांड से मिले। इस पर कोई एजेंसी कार्रवाई नहीं कर रही।
–
आचार संहिता के बीच आप का दफ्तर सील
विपक्षी नेताओं ने कहा कि दिल्ली को छावनी में बदल दिया गया है। चुनाव आयोग मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू होने के बावजूद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय दफ्तर को सील किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा कह रही है कि अरविंद केजरीवाल और विपक्ष के नेताओं ने भ्रष्टाचार किया है लेकिन आरोप की धज्जियां सुप्रीम कोर्ट ने उड़ा दी है।
—
चुनाव से पहले मुख्यमंत्री को क्यों गिरफ्तार किया?
आप नेता गोपाल राय ने कहा कि इंडिया गठबंधन से जुड़ी पार्टियों के तमाम बड़े नेता रामलीला मैदान में 31 मार्च को महारैली में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई छेड़ी है तो कांग्रेस पार्टी कैसे पीछे रहेगी। मजबूती के साथ इस लड़ाई में खड़े हैं। भारतवासियों के लिए तकलीफ की बात है। देश के नौजवानों से अपील है कि इस लड़ाई से जुड़ें। उन्होंने पूछा, चुनाव से पहले चुने मुख्यमंत्री को कैद किया जा रहा है?
–
आतिशी बोलीं- लाेकतंत्र को बचाने के लिए होगी महारैली
आप नेता आतिशी ने कहा कि 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की ‘महारैली’ अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने चुनावी बॉन्ड के पीछे छिपकर एक्साइज पॉलिसी मामले के सबसे बड़े सरगना शरद चंद्र रेड्डी से लगभग 60 करोड़ रुपए लिए। हम आरोप नहीं लगा रहे हैं, हम तथ्य बता रहे हैं और हमने इसके सबूत दिखाए हैं। शरद चंद्र रेड्डी की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने 55 करोड़ रुपए का यह चंदा लिया।
—
इधर, ‘आप’ के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई
आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं के रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। ‘आप’ ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गुरुवार को पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ कैंडल मार्च निकालने और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार का पुतला जलाने का फैसला किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, हमें जानकारी मिली है कि ‘आप’ के कार्यकर्ता और नेता विरोध प्रदर्शन करेंगे। कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हमने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। हम दिल्ली पुलिस के कर्मियों के अलावा अर्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे। अधिकारी ने कहा, वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने जिलों में स्थिति की निगरानी करते रहेंगे। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में कड़ी नज़र रखने और किसी भी विरोध प्रदर्शन के बारे में पता चलने पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में तुरंत सूचित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। भाजपा मुख्यालय, आईटीओ की ओर जाने वाले मार्गों और प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय के सामने पहले से ही बड़ी संख्या में कर्मियों को तैनात किया गया है और बहुस्तरीय अवरोधक लगाए गए हैं।
000000

