-दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिया विवादित बयान
नई दिल्ली। वोट के लिए भावनाओं को भड़काने के मामले में कोई भी दल पीछे नहीं है। अब वोट के लिए धर्म, क्षेत्र, जाति और वर्ग जैसे विभाजनों के बढ़ाने और उनके नाम पर भावनाओं को भड़काने की कोशिश की जाती रही है। मगर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक कदम आगे जाकर महिलाओं से कहा कि अगर उनके पति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम जपते हैं, तो वे अपने पतियों को रात का खाना न परोसें। केजरीवाल ने दिल्ली में ‘महिला सम्मान समारोह’ नामक एक टाउनहॉल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “बहुत से लोग पीएम मोदी का नाम जप रहे हैं, लेकिन आपको इसे ठीक करना होगा। अगर आपके पति मोदी का नाम जपते हैं, तो उन्हें बताएं कि आप उन्हें रात का खाना नहीं परोसेंगी। दिल्ली की सरकार के अपने 2024-25 के बजट में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1,000 रुपये की मासिक राशि देने की योजना की घोषणा के बाद महिलाओं के साथ बातचीत करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं से कहा कि वे अपने परिवार के सदस्यों से कसम खाने को कहें कि वे उनका और आम आदमी पार्टी का समर्थन करेंगी। उन्होंने महिलाओं से यह भी कहा कि वे भाजपा का समर्थन करने वाली अन्य महिलाओं को बताएं कि ‘केवल आपका भाई केजरीवाल ही आपके साथ खड़ा होगा। ’
महिलाओं को सशक्त बनाने के नाम पर ‘धोखाधड़ी’
आप सुप्रीमो ने कहा कि “उन्हें बताएं कि मैंने उनकी बिजली मुफ्त कर दी है, उनकी बस टिकट मुफ्त कर दी है, और अब मैं महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दे रहा हूं। भाजपा ने उनके लिए क्या किया है? फिर भाजपा को वोट क्यों दें? इस बार केजरीवाल को वोट दें.’ दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आगे कहा कि अब तक महिलाओं को सशक्त बनाने के नाम पर ‘धोखाधड़ी’ की जा रही थी।
‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ असली सशक्तिकरण लाएगी
केजरीवाल से महिलाओं से सवाल पूछा कि ‘पार्टियां किसी महिला को कोई पद देती हैं और कहती हैं कि महिलाएं सशक्त हो गई हैं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि महिलाओं को पद नहीं मिलना चाहिए, उन्हें बड़े पद और टिकट मिलने चाहिए, उन्हें सब कुछ मिलना चाहिए. लेकिन इससे केवल दो या चार महिलाओं को ही फायदा होता है। बाकी महिलाओं को क्या मिलता है?’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के तहत नई योजना- ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ – असली सशक्तिकरण लाएगी। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण तब होगा जब पैसा होगा। असली सशक्तिकरण अब होगा जब हर महिला को हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि यह योजना पूरी दुनिया में सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम होगा।
00000000

