-राजस्थान की घटना, मारपीट के बाद मची भगदड़
(फोटो : राजस्थान हिंसा)
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में रविवार को धर्म परिवर्तन कराने का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक होटल में करीब 500 लोगों का एक साथ धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। लेकिन इसकी भनक विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं को लग गई। लिहाजा वे मौके पर पहुंच गए और उसे रोक दिया। इस दौरान वहां जमकर बखेड़ा हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इससे वहां भगदड़ मच गई और लोग होटल छोड़कर फरार हो गए। बाद में सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाला।
जानकारी के अनुसार धर्म परिवर्तन कराने का यह मामला रविवार को भरतपुर शहर के अटल बंद थाना इलाके सामने आया है। यहां एक होटल में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ईसाई धर्म के लोगों द्वारा सत्संग के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इनमें करीब 500 से अधिक महिला और युवतियां शामिल थी।
कई लोग किए गए गिरफ्तार
विश्व हिंदू परिषद के लोगों को मामले की जानकारी मिलने के बाद वे होटल पहुंचे थे। वहां उनको देखते ही अफरातफरी का माहौल हो गया। धर्म परिवर्तन करवा रहे लोग मौके से भागने लगे। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भागकर करीब 10 से अधिक लोगों को पकड़ लिया। इसके कारण विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच मारपीट हो गई। दोनों तरफ से जमकर लात घूसे चले। मौके पर पहुंची पुलिस ने 5 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं करीब 5 से 7 महिलाओं और युवतियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ रही है।
000


 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                 
                                                    
                                                                                                