‘जो प्रधानमंत्री मोदी के साथ नहीं जाएगा, वह सीधा जेल जाएगा’

सोरेन की गिरफ्तारी पर बिफरा विपक्ष

-कांग्रेस नेता खड़गे सहित कई नेताओं ने साधा निशाना

(फोटो : हेमंत सोरेन)

नई दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी होने के एक दिन बाद गुरुवार को तमाम विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्षी दलों ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी जैसे एजेंसियों के जरिए आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मोदी सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गिरफ्तारी के बाद एक्स पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि जो मोदी के साथ नहीं जाएगा, वह सीधा जेल जाएगा। सोरेन के खिलाफ ईडी जांच शुरू करना और उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर करना संघवाद पर आघात है। विपक्षी नेताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। मोदी सरकार ने पीएमएलए के प्रावधानों को कठोर बना दिया है। विपक्षी सरकारों को कमजोर करना बीजेपी की साजिश है। भाजपा की वाशिंग मशीन में जो गया, वह सफेद, जो नहीं गया वह दागदार है। देश में अगर तानाशाही को खत्म करना है तो भाजपा को अब हराना होगा। हम डरेंगे नहीं। लड़ेंगे, सड़कों से लेकर संसद तक।

लोकतंत्र मुक्त भारत, भाजपा का लक्ष्य : प्रियंका

वहीं, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि वह विपक्ष मुक्त संसद बनाए। लोकतंत्र मुक्त भारत, और प्रश्न मुक्त मीडिया के साथ-साथ सद्भाव मुक्त जनता बनाए। ट्वीट करते हुए प्रियंका ने कहा कि एक-एक करके सभी राज्यों की सरकार को गिराया जा रहा है। विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। जो बीजेपी में नहीं आएगा, वह जेल जाएगा। सोरेन को ईडी से परेशान कराना और उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर करना, दुर्भावनापूर्ण अभियान का हिस्सा है। बीजेपी को भ्रम है कि वह 140 करोड़ लोगों की आवाज को कुचल सकती है। जनता हर अत्याचार का जवाब देगी।

केंद्र सरकार निष्पक्षता को खत्म कर रही है : तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी ईडी की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पहले बिहार फिर चंडीगढ़ और अब झारखंड… बीजेपी ने एक ही हफ्ते में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया। केंद्र सरकार निष्पक्षता को खत्म कर रही है। चुनाव में हार के डर से और एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी एजेंसियों को भाजपा का सेल बना दिया है। जनता बीजेपी का अहंकार तोड़ देगी। राजद हेमंत सोरेन के साथ खड़ा है।

विपक्षी नेताओं को दबाने का केंद्र कर रहा प्रयास- सौगत रॉय

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता की गिरफ्तारी पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सौगत रॉय ने कहा कि यह विपक्ष को दबाने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। ईडी और सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) सरकार के हथियार हैं। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन ने अपनी गिरफ्तारी से पहले इस्तीफा दे दिया था और झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन को अपना विधायक दल का नेता चुना गया था।

अगले महीनें कई विपक्षी नेता होंगे गिरफ्तार- आतिशी

वहीं आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष पर हमला करने का एक प्रयास है। अगले एक महीने में मुझे यकीन है कि कई और विपक्षी नेता गिरफ्तार होंगे।

99999999999999999

लोग जानते हैं कि झामुमो सरकार भ्रष्ट- जयंत सिन्हा

तमाम विपक्षी नेताओं के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। हजारीबाग से भाजपा सांसद जयंत सिन्हा ने कहा कि हेमंत सोरेन कहते रहे कि अगर उन्होंने कुछ गलत किया है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें गिरफ्तार किया गया है क्योंकि उन्होंने कुछ गलत किया है। उन्होंने कहा कि हम झारखंड के लोग देख सकते हैं कि यह सरकार कितनी भ्रष्ट है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है, कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

0000000

पहाड़ों में बर्फबारी

-सफेद चादर में ढके उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के कई इलाके

जम्मू कश्मीर सहित हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी ने पारा गिरा दिया है। हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच तीसरे दिन भी बारिश-बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, लंबे ड्राई स्पैल के बाद बीत रात श्रीनगर, अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम समेत घाटी के कई इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। उधर, उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश तो कही बर्फबारी हुई है। चारधाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ धाम में लगभग डेढ़ फीट बर्फ जम चुकी है। बर्फबारी के बाद कई पर्वतीय मार्ग बंद हैं। गंगोत्री- यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे भी बर्फबारी के बाद से बंद है। बीआरओ गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने में जुटा है। इसी तरह, कश्मीर के रियासी जिले के कटरा में ताजा बर्फबारी के बाद माता वैष्णो देवी भवन बर्फ से ढक गया।

प्रातिक्रिया दे