- अपने नापाक इरादों से बाज नहीं आ रहा ड्रैगन
(फोटो : )
नई दिल्ली। चीनी सेना अपने नापाक इरादों से बाज नहीं आ रही। अब लेह-लद्दाख के सुदूर पर्वतीय इलाके में चीनी सैनिकों की इसी तरह की हरकत का एक वीडियो सामने आया है। दरअसल, लद्दाख में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के जवानों ने भारतीय चरवाहों को रोकने की कोशिश की। हालांकि, निहत्थे भारतीय चरवाहों ने अपने साहस का परिचय दिया और हथियार से लैस चीनी सैनिकों से भिड़ गए। इस दौरान भारतीय चरवाहों ने चीनी सेना की बख्तरबंद गाड़ियों पर पत्थरबाजी की और उन्हें भारतीय सीमा से खदेड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि ये कोई पहली बार नहीं है जब चीन ने इस तरह की उकसावे की कार्रवाई को अंजाम दिया हो। चीनी सैनिक इससे पहले भी लद्दाख में इस तरह की हरकतों को अंजाम दे चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर चीनी सैनिकों ने नापाक हरकत की। बताया जा रहा है कि चीनी सैनिकों ने भारतीय चरवाहों को अपने जानवर ले जाने से रोक दिया। इसके बाद चीनी सैनिकों और भारतीय चरवाहों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों पक्ष गुत्थम-गुत्था हो गए।
हथियारों से लैस थे चीनी सैनिक
चीनी सैनिक हथियार से लैसे थे, जबकि लद्दाख के स्थानीय चरवाहे खाली हाथ थे। बावजूद इसके स्थानीय चरवाहों ने पीएलए के इस कदम का जोरदार विरोध किया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। चुशूल के काउंसलर कॉनचॉक स्टेंजिन ने सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प का वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में चीनी सैनिक चरवाहों को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। लेकिन इस दौरान चरवाहे उनसे बहस करते देखे जा रहे हैं और वहां से वापस जाने से इनकार करते दिख रहे हैं।
इस महीने के पहले हफ्ते का बताया जा रहा मामला
सूत्रों के मुताबिक, चीनी सैनिकों और पूर्वी लद्दाख के स्थानीय चरवाहों के बीच जानवरों को चारागाह ले जाने को लेकर ये विवाद इसी महीने (जनवरी) के पहले सप्ताह का बताया जा रहा है। इस दौरान गांव वालों ने चीनी सैनिकों से जमकर बहस की और उनकी गाड़ी पर पत्थर भी मारे. वीडिया में चीनी सैनिक पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह चरवाहों को वापस जाने के लिए कहते देखे जा सकते हैं।
0000

