पहली बार तीनों सेनाओं की महिला टुकड़ी, झाकियों में भी नारी शक्ति

-शुक्रवार को मनाया जाएगा 75वां गणतंत्र दिवस

  • इस बार की परेड में महिला फाइटर पायलट भी शामिल

-इस परेड में 48 महिला अग्निवीर भी ले रही हैं हिस्सा

नई दिल्ली। समूचा राष्ट्र इस वर्ष 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इस साल के समारोह के मुख्य अतिथि हैं। यह गणतंत्र दिवस हमारे लिए कई मायनों में खास होने जा रहा है। इसमें दिखाई जाने वाली झांकियों से लेकर परेड और थीम तक के केंद्र में महिलाएं हैं। इस वर्ष की थीम ‘विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका’ रखी गई है। जैसा कि इस साल के गणतंत्र दिवस की थीम महिलाओं पर आधारित है तो परेड में महिलाओं का अब तक का सबसे अच्छा प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा। रक्षा सचिव अरमाने ने जानकारी दी है कि परेड की शुरुआत सैन्य बैंड के साथ होती आई है लेकिन इस बार देशभर की 100 महिला सांस्कृतिक कलाकार पारंपरिक वाद्यों के साथ परेड की शुरुआत करेंगी।

परेड की खासियत

परेड की अन्य खासियतों की बात करें तो पहली बार तीनों सेनाओं की एक महिला टुकड़ी भी मार्च करेगी। केंद्रीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों में भी महिलाकर्मी शामिल होंगी। इस बार के परेड में महिला फाइटर पायलटों को भी शामिल किया गया है। इस परेड में 48 महिला अग्निवीर भी हिस्सा ले रहीं है।

ये करेंगी नेतृत्व

गणतंत्र दिवस परेड में कैप्टन शरण्या राव थलसेना की टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस में अतिथि के तौर पर पीएम मोदी के साथ शामिल रहीं स्क्वॉड्रन लीडर सुमिता यादव भी इस परेड में हिस्सा ले रहीं है। स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय वायुसेना की मार्चिंग टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव और स्क्वाड्रन लीडर प्रतीति अहलुवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल भी रहेंगी। फ्लाइट लेफ्टिनेंट सृष्टि वर्मा त्रि-सेवा दल के सुपर न्यूमैरेरी अफसर के तौर पर मार्चिंग करेंगी।

16 राज्यों की झाकियां

परेड में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों और नौ मंत्रालयों की झांकियां दिखाई जाएंगी। ये राज्य उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, गुजरात, मेघालय, झारखंड और तेलंगाना हैं। इसके अलावा नौ केंद्र सरकार के नौ मंत्रालयों की झांकिया भी कर्तव्य पथ पर चलेगी। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रंगशाला में इन्हें अंतिम रूप दिया गया है।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मुख्य अतिथि

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों 75वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं। परेड में फ्रांस की 95 सदस्यीय मार्चिंग टीम और 33 सदस्यीय बैंड दल भी शिरकत करेगा। भारतीय वायु सेना के विमानों के साथ एक मल्टी रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट (एमआरटीटी) विमान और फ्रांसीसी वायुसेना के दो राफेल लड़ाकू जेट भी फ्लाई-पास्ट में हिस्सा लेंगे। इस साल परेड में शामिल होने के लिए लगभग 13 हजार विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।

-ये है कार्यक्रम

शुक्रवार को देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। इस वर्ष की थीम ‘विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका’ रखी गई है। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ (पहले राजपथ कहा जाता था) पर ध्वजारोहण करेंगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि देंगे। इस समारोह के मुख्य आकर्षण यानी परेड का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच है। परेड का रुट विजय चौक से नेशनल स्टेडियम के बीच है जो पांच किमी होगा। मुख्य कार्यक्रम दिल्ली स्थित कर्त्तव्य पथ (पहले राजपथ कहा जाता था) पर होगा।

000

प्रातिक्रिया दे