न्याय यात्रा में राहुल से की धक्का-मुक्की

–48 घंटे में दूसरी बार हमले का आरोप

नई दिल्ली। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम में है। इस दौरान इस यात्रा को लेकर राज्य में गर्मागर्मी का माहौल है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी एक दूसरे पर जमकर हमला कर रहे हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रविवार को असम में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की हुई। राहुल को बचाते हुए उनके सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बस के अंदर वापस ले गए।

घटना के दौरान राहुल का काफिला सोनितपुर में था। राहुल ने घटना को लेकर कहा- आज भाजपा के कुछ कार्यकर्ता झंडा लेकर हमारी बस के सामने आ गए। मैं बस से निकला, वो भाग गए। हमारे जितने पोस्टर फाड़ने हैं, फाड़ दो। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी विचारधारा की लड़ाई है, हम किसी से नहीं डरते हैं। न ही नरेंद्र मोदी से, न असम के मुख्यमंत्री से। कांग्रेस पार्टी ने न्याय यात्रा के काफिले पर 48 घंटे में दूसरी बार हमले का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज जब हमारा काफिला असम में रैली स्थल की ओर जा रहा था। तब जुमगुरीहाट में हिमंता बिस्वा सरमा के गुंडों ने महासचिव जयराम रमेश की गाड़ी पर पानी फेंका और स्टीकर फाड़ा। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा- भाजपा के लोगों ने हमारी सोशल मीडिया टीम के कैमरामैन और अन्य सदस्यों पर हमला किया, जिनमें 2 महिलाएं भी थीं। हिमंता, यह गीदड़ हरकतें करनी और करवानी छोड़ दो। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को तुम और तुम्हारे गुंडे नहीं रोक सकते। इससे पहले 19 जनवरी की रात को भी कांग्रेस ने न्याय यात्रा के काफिले पर भाजपा के हमले का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें कुछ गाड़ियों के शीशे टूटे हुए दिख रहे थे। साथ ही कुछ लोग पार्टी के होर्डिंग-बैनर उखाड़ते दिख रहे थे।

मोदी-मोदी के लगे नारे, राहुल का फ्लाइंग किस

यात्रा के दौरान जब राहुल गांधी अपनी बस से ट्रैवल कर रहे थे, कई लोगों ने अचानक से मोदी-मोदी के नारे लगा दिए। नारों को सुन कांग्रेस नेता ने उन समर्थकों को फ्लाइंग किस दे दिया गया। इधर, राहुल ने कहा कि असम के युवाओं और किसानों पर अन्याय हो रहा है। यहां के युवा लाखों रुपए लगाकर स्कूल-कॉलेज जाते हैं, लेकिन फिर पता चलता है कि असम में उन्हें रोजगार नहीं मिल सकता।

राहुल बोले-जनता भाजपा से डरने वाली नहीं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि भाजपा नीत असम सरकार लोगों को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने के खिलाफ धमकी दे रही है। यात्रा मार्गों पर कार्यक्रमों की अनुमति देने से भी इंकार कर रही है। लोग भाजपा से डरते नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आगामी चुनावों में भाजपा के खिलाफ भारी अंतर से जीत हासिल करेगी। हम यात्रा में लंबे भाषण नहीं देते हैं। हम हर दिन 7-8 घंटे यात्रा करते हैं, आपके मुद्दों को सुनते हैं और हमारा उद्देश्य इन मुद्दों को उठाना है।

00000

प्रातिक्रिया दे