‘विश्वास है कि कोई भी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा’

-पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को किया संबोधित

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित किया। वह लाइव संवाद के माध्यम से यूपी में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी जुड़े। पीएम मोदी के संबोधन को लाभार्थियों के साथ-साथ सभी जनप्रतिनिधियों ने भी सुना। इस मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक लखनऊ में मोदी के लाइव प्रसारण से लाभार्थियों के साथ शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के 2 महीने पूरे हो चुके हैं। इस यात्रा में चलने वाला विकास रथ विश्वास रथ है, अब उसे लोग गारंटी वाला रथ भी कह रहे हैं। ये विश्वास है कि कोई भी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। इसलिए जिन गांवो में मोदी की गारंटी वाली गाड़ी अभी नहीं पहुंची है, वहां अब इसका बेसब्री से इंतजार हो रहा है। इसलिए पहले ये यात्रा हमने 26 जनवरी तक सोचा था, लेकिन यात्रा को इतना समर्थन मिला है इसलिए हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा से जुड़े 15 करोड़ लोग

केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजना को देशभर तक पहुंचाने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा दो महीने में ही जनभागीदारी का प्रतीक बन गई। अब तक इस यात्रा से 15 करोड़ से अधिक लोग जुड़े हैं। लोगों की यह विशाल भागीदारी एक उन्नतिशील और समावेशी भारत की दिशा में संगठित मार्ग बनाने के लिए यात्रा का उद्देश्य बयां करती है।

स्वास्थ्य शिविरों में 4 करोड़ से अधिक लोगों की जांच

17 जनवरी 2024 तक स्वास्थ्य शिविरों में 4 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। माय भारत पर 38 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हैं। सभी के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए दो करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। यात्रा ने दो लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को कवर किया है। 11 करोड़ से अधिक लोगों ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है।

गांवों में दिखा यात्रा का सबसे ज्यादा असर

यात्रा का वास्तविक असर गांव दर गांव दिख रहा है। एक लाख से अधिक ग्राम पंचायतों ने आयुष्मान कार्डों के लिए 100 प्रतिशत परिपूर्णता हासिल की है, जिससे लाखों लोग स्वास्थ्य देखभाल पहुंच के साथ सशक्त हुए हैं। ‘हर घर जल’ योजना के माध्यम से स्वच्छ पानी अब 79,000 से अधिक ग्राम पंचायतों तक पहुंच रहा है, जबकि 1.38 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों में 100 प्रतिशत भूमि रिकॉर्ड डिजिटलीकरण से पारदर्शिता और सुरक्षा की सुविधा मिली है। इसके अलावा, 17,000 से अधिक ग्राम पंचायतों ने ओडीएफ प्लस अनुपालन हासिल कर लिया है, जो स्वच्छ जीवन का प्रमाण है।

00000

प्रातिक्रिया दे