राहुल ने शुरू की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, बोले : देश में हो रहा है भारी अन्याय

—मणिपुर से शुरू हुई यात्रा, लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिखाया दम

—बेराेजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया

—यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी


ऐसी यात्रा

6,700 किमी दूरी

67 दिन तक चलेगी

15 राज्य से गुजरेगी

110 जिले में पहुंचेगी

इंट्रो

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मणिपुर से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की। इसके जरिए पार्टी का प्रयास होगा कि लोकसभा चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को विमर्श के केंद्रबिंदु में लाए जाए। इंफाल के बोथल से बस के जरिए यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली जा रही है क्योंकि देशवासी भारी अन्याय का सामना कर रहे हैं।

इंफ़ाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य एक ऐसे भविष्य का दृष्टिकोण पेश करना है, जो सद्भावना, समान भागीदारी और भाईचारे से भरा हो। राहुल ने यात्रा शुरू करने से पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। राहुल गांधी ने कहा, 2004 से राजनीति में हूं। पहली बार हिंदुस्तान के एक प्रदेश गया हूं जहां पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। जिसे आप मणिपुर कहते थे, वो अब रहा ही नहीं। उन्होंने दावा किया, देश के प्रधानमंत्री आज तक यहां लोगों के आंसू पोंछने, हाथ पकड़ने नहीं आए। शायद भाजपा, आरएसएस के लिए मणिपुर देश का हिस्सा नहीं है। कांग्रेस की यात्रा शुरू करने के लिए राज्य का चुनाव किए जाने का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, सवाल उठा था कि यात्रा शुरू कहां से होनी चाहिए? मैंने साफ कहा कि यह यात्रा मणिपुर से ही शुरू होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मणिपुर में जो हुआ वो भाजपा, आरएसएस की नफरत की राजनीति का प्रतीक है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में तानाशाही चलायी जा रही है और भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने में जुटी है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने यह दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर वोट मांगने तो आए थे, लेकिन राज्य के लोग जब हिंसा के कारण मुश्किल में आए तो वह नजर नहीं आए। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने न्याय यात्रा के जरिये ऊंची उड़ान का हौसला बनाया है। खरगे ने कहा कि राहुल गांधी चार सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के लिए लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अपने सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उसे उम्मीद है कि विभिन्न राज्यों में इस गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेता यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी । ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।

खोंगजोम युद्ध स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू करने से पहले रविवार को खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और इसके कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 1891 के आंग्ल-मणिपुर युद्ध में मणिपुर के लोगों के बलिदान के प्रतीक खोंगजोम युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। यह स्मारक 1891 के आंग्ल-मणिपुर युद्ध के शहीदों के सम्मान में बनवाया गया था।


हर दिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे राहुल

यात्रा के दौरान राहुल हर दिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह हर दिन समाज के विभिन्न वर्गों के 20 से 25 लोगों से मिलेंगे। वह सामाजिक संगठनों के सदस्यों साथ भी बातचीत करेंगे। अगले 11 दिनों के दौरान यात्रा पूर्वोत्तर के पांच राज्यों से होकर गुजरेगी। 23 जनवरी को राहुल घोषणापत्र के सिलसिले में गुवाहाटी में लोगों से जनसंवाद करेंगे।

जयराम बोले- सहो मत, डरो मत

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तस्वीरें शेयर करते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, पिछले 10 साल के अन्याय काल के खिलाफ भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हो चुकी है। आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज देकर भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। मणिपुर में पिछले 8 महीनों में हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए यात्रा जारी रहेगी.. सहो मत…डरो मत…न्याय का हक मिलने तक!

राहुल ने चाय के साथ स्थानीय लोगों से की बातचीत

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने थौबल में चाय के साथ स्थानीय लोगों से बातचीत करते नजर आए।

000000

प्रातिक्रिया दे