शमी अर्जुन पुरस्कार, चिराग और सात्विक खेल रत्न से सम्मानित

राष्ट्रपति मुर्मू ने विभिन्न खेलों की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया पुरस्कृत

नई दिल्ली। भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। क्रिकेटर मोहम्मद शमी को अर्जुन अवॉर्ड और बैडमिंटन खिलाड़ियों चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों सहित राष्ट्रपति मुर्मू ने विभिन्न खेल की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को भी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया। बता दें कि मोहम्मद शमी 2023 के एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं, जिन्हें यह पुरस्कार मिला है।

विश्व कप में लिए थे कुल 24 विकेट

शमी ने वनडे विश्व कप 2023 में सिर्फ 7 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने सर्वाधिक 24 विकेट लिए थे। दिलचस्प बात यह रही कि शमी को शुरुआती कुछ मैचों में बेंच पर बैठाया गया था, लेकिन हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। उन्होंने न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ 5-5, इंग्लैंड के खिलाफ 4 और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सेमीफाइनल में 7 विकेट चटकाए थे।

चिराग और सात्विकसाईराज को मिला खेल रत्न

भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। उनके लिए 2023 का साल यादगार रहा। सात्विक-चिराग की जोड़ी 19वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रही थी। इस जोड़ी ने अक्टूबर 2023 में नंबर-1 रैंकिंग हासिल करते हुए इतिहास रच दिया था। ये जोड़ी विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी बन गई थी।

शमी ने कहा -ये एक सपने के सच होने जैसा

अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होने के बाद शमी ने कहा था, यह एक सपने के सच होने जैसा है। लोग अपनी पूरी जिंदगी बिता देते हैं, लेकिन ये अवॉर्ड नहीं जीत पाते। मुझे खुशी है कि मेरा नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया है। आपको बता दें कि, विश्व कप 2023 में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद, स्टार मोहम्मद शमी एकमात्र क्रिकेटर, जिन्हें यह पुरस्कार मिला है। शमी ने पुरस्कार पाकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान पाने पर वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं।

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन)

अर्जुन पुरस्कार

ओजस प्रवीण देवताले (तीरंदाजी), अदिति गोपीचंद स्वामी (तीरंदाजी), मुरली श्रीशंकर (एथलेटिक्स), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), मोहम्मद हुसामुद्दीन (मुक्केबाजी), आर वैशाली (शतरंज), मोहम्मद शमी (क्रिकेट), अनुश अग्रवाल (घुड़सवारी), दिव्यकृति सिंह (घुड़सवारी ड्रेसेज), दीक्षा डागर (गोल्फ), कृष्ण बहादुर पाठक (हॉकी), सुशीला चानू (हॉकी), पवन कुमार (कबड्डी), रितु नेगी (कबड्डी), नसरीन (खो-खो), पिंकी (लॉन बॉल्स), ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (निशानेबाजी), ईशा सिंह (निशानेबाजी), हरिंदर पाल सिंह संधू (स्क्वाश), अयहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस), सुनील कुमार (कुश्ती), अंतिम पंघाल (कुश्ती), नाओरेम रोशिबिना देवी (वुशु), शीतल देवी (पैरा तीरंदाजी), इलूरी अजय कुमार रेड्डी (दृष्टिबाधित क्रिकेट), प्राची यादव (पैरा कैनोइंग)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार

ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज), महावीर प्रसाद सैनी (पैरा एथलेटिक्स), शिवेंद्र सिंह (हॉकी), गणेश प्रभाकर देवरुखकर (मल्लखंभ)। उत्कृष्ट प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार (जीवन पर्यंत श्रेणी): जसकीरत सिंह ग्रेवाल (गोल्फ), भास्करन ई (कबड्डी), जयंत कुमार पुशीलाल (टेबल टेनिस)।

जीवन पर्यंत उपलब्धि के लिए ध्यानचंद पुरस्कार: मंजूषा कंवर (बैडमिंटन), विनीत कुमार शर्मा (हॉकी), कविता सेल्वराज (कबड्डी)। मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी 2023: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर (समग्र विजेता विश्वविद्यालय), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब (प्रथम रनर अप), कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र (द्वितीय रनर अप)।

000

प्रातिक्रिया दे