शहीद की रोती-बिलखती मां बोलीं
मंत्री चेक देकर फोटो खिंचवाने में रहे मशगूल, सियासत गर्माई
आगरा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों से मुकाबला करते हुए शहीद हुए कैप्टन शुभम गुप्ता के निधन के बाद उनके आगरा स्थित घर पर परिजनों और नेताओं का जमावड़ा है। शुक्रवार को उनके आवास पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ढांढस बंधाने पहुंचे। मंत्री उपाध्याय व अन्य नेता जब शुभम की मां को चेक पकड़ाते हुए फोटो खिंचवाने लगे तो शहीद की मां रोते-बिलखते हुए बोलीं कि यहां प्रदर्शनी मत लगाओ, मेरे प्यारे बेटे को बुला दो। शहीद की मां को मंत्री सहित अन्य लोगों ने ढांढस बंधाया।
ज्ञात हो कि आगरा में सरकार की तरफ से परिवार को 50 लाख रुपये का चेक दिया गया। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय 25-25 लाख के दो चेक लेकर पहुंचे थे। इस दौरान कैप्टन शुभम की मां फफककर रो पड़ीं और इतना सब कुछ बोल गईं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने के बाद यूपी के कैबिनेट मंत्री विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। विपक्ष ने कहा कि वीडियों में शहीद की मां की बातें सुनकर वे निशब्द हैं लेकिन यहां कैबिनेट मंत्री फोटो फोटो क्लिक कराते रहे।
मेरी दुनिया खत्म हो गई- शुभम की मां
शुभम की मां वीडियो में रोते हुए बोल रही हैं, मेरे लिए प्रदर्शनी मत लगाओ। मेरे प्यारे बेटे को बुला दो भाई। मेरी दुनिया खत्म हो गई। मेरा सब कुछ चला गया। इस दौरान मंत्री और उनके समर्थक 50 लाख रुपये का चेक लेकर वहीं खड़े रहे। उन्होंने चेक को परिजनों को सौंप दिया। शुभम के पिता बसंत गुप्ता ने बताया कि वह 2 दिन बाद छुट्टी पर घर आने वाला था। इस साल उसकी शादी की तैयारी करनी थी।
सपा ने माफी की मांग की
इसको लेकर समाजवादी पार्टी की तरफ से कहा गया, भाजपाइयों की असंवेदनशीलता। चेक देने के नाम पर करा रहे फोटोशूट, बिलखती मां के आंसुओं का अपमान। शहीदों के नाम पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आये भाजपा वाले, शर्मनाक। शहीद के परिवार को अपमानित करने के लिए माफी मांगें मंत्री।
शिवसेना बोली- यह कैसी बेशर्मी है
शिवसेना प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रदर्शनी न लगाओ’, मां बदहवास होकर गुहार लगा रही है फिर भी मंत्री अपना फोटो सेशन जारी रखे हुए हैं। ये कैसी बेशर्मी है? शहीद परिवार को कैमरे के बिना शांति से शोक मनाने भी नहीं देंगे। हृदयहीन।
बीजेपी में बी का मतलब बेशर्म : राघव चड्ढा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, बीजेपी में बी का मतलब बेशर्म और पी का मतलब पब्लिसिटी होना चाहिए। कैप्टन शुभम गुप्ता के परिवार में गमगीन दुख के बीच, यूपी सरकार के भाजपा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय बेशर्मी से अपने पीआर के लिए एक तस्वीर लेने पर अड़े हुए हैं।
दो अधिकारी और दो जवान हुए थे शहीद
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के राजौरी में बुधवार को आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में सेना के दो अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए थे। शहीद जवानों में आगरा के कैप्टन शुभम गुप्ता भी शामिल हैं। राजौरी में सेना को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शुभम सर्च ऑपरेशन में सेना के राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों के साथ पैराट्रूपर्स भी शामिल थे।
00000

