वहीदा रहमान को दादा साहेब फाल्के, कई सितारों को राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड

—आलिया भट्ट, अल्लू अर्जुन और कृति को राष्ट्रीय अवार्ड

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान को फिल्म जगत का सर्वोच्च दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया। भारतीय सिनेमा जगत का यह सर्वोच्च पुरस्कार ग्रहण करने वाली वहीदा रहमान आठवीं महिला कलाकार हैं। आलिया भट्ट और कृति सेनन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को इस साल बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला।

यहां विज्ञान भवन में आयोजित 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार ग्रहण करने के बाद वहीदा रहमान (85) ने इसे अपने ‘प्रिय फिल्म जगत’ और इसके विभिन्न विभागों को समर्पित किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मंच पर पहुंचीं रहमान ने बताया कि फिल्म निर्माण किस प्रकार एक आपसी सहयोग प्रक्रिया है। उन्होंने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा, मैं बहुत सम्मानित और आभारी हूं… लेकिन आज मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, वह मेरी प्रिय फिल्म इंडस्ट्री की वजह से है। सौभाग्य से, मुझे शीर्ष निर्देशकों, निर्माताओं, फिल्मकारों, तकनीशियनों, लेखकों, संवाद लेखकों, संगीत निर्देशकों और संगीतकारों के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने मेकअप आर्टिस्ट, हेयर और कॉस्ट्यूम डिजाइनरों को भी श्रेय देते हुए कहा, “मुझे उनसे बहुत समर्थन, सम्मान और प्यार मिला। यही कारण है कि मैं इस पुरस्कार को फिल्म उद्योग के सभी विभागों के साथ साझा कर रही हूं। उन्होंने मुझे शुरू से ही बहुत सम्मान, समर्थन और प्यार दिया। एक फिल्म सिर्फ एक व्यक्ति द्वारा नहीं बनाई जाती, हमें एक दूसरे की जरूरत होती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में वहीदा रहमान की भूमिकाओं और जीवन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए उनकी प्रशंसा की। राष्ट्रपति ने कहा, मैं वहीदा रहमान जी को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करते हुए बहुत खुशी महसूस कर रही हूं। मैं वहीदा जी को बधाई देती हूं। उन्होंने अपनी कला और व्यक्तित्व के जरिए फिल्म उद्योग में ऊंचा मुकाम हासिल किया। उन्होंने निजी जीवन में भी गरिमा, आत्मविश्वास और मूल पहचान के साथ नाम कमाया है। दादा साहब फाल्के पुरस्कार की घोषणा “गाइड” और “सीआईडी” में रहमान के सह-कलाकार रहे देव आनंद की जयंती के मौके पर 26 सितंबर, 2023 को की गई थी। साल 1955 में तेलुगु फिल्मों रोजुलु मारायी और जयसिम्हा से सिनेमा में कदम रखने वाली रहमान ने विभिन्न भाषाओं में 90 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

भावुक हुईं वहीदा रहमान

दिग्गज बॉलीवुड अभिनेत्री वहीदा रहमान को 85 वर्ष की उम्र में साल 2021 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारतीय सिनेमा की उन्नति और संवर्धन में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया है। दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में स्टैंडिंग ओवेशन पाकर भावुक हो गईं।

किसे कौन सा पुरस्कार

बेस्ट फीचर फिल्म: रॉकेट्री

बेस्ट निर्देशक: निखिल महाजन, गोदावरी

बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट: आरआरआर

राष्ट्रीय एकता पर बेस्ट फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार: द कश्मीर फाइल्स

बेस्ट एक्टर: अल्लू अर्जुन (पुष्पा)

बेस्ट एक्ट्रेस: आलिया भट्ट ( गंगूबाई काठियावाड़ी) और कृति सेनन ( मिमी)

बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर: पंकज त्रिपाठी ( मिमी)

बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस: पल्लवी जोशी ( द कश्मीर फाइल्स)

बेस्ट चाइल्ट आर्टिस्ट: भाविन रबारी ( छैलो शो)

बेस्ट स्क्रीनप्ले (ओरिजनल): शाही कबीर ( नयट्टू)

बेस्ट स्क्रीनप्ले (एडेप्टेड): संजय लीला भंसाली और उत्कर्षिनी वशिष्ठ (गंगूबाई काठियावाड़ी)

बेस्ट डायलॉग राइटर: उत्कर्षिनी वशिष्ठ और प्रकाश कपाड़िया (गंगूबाई काठियावाड़ी)

बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर (स़ॉन्गस): देवी श्री प्रसाद ( पुष्पा)

0000

प्रातिक्रिया दे