असम के चार जिलों में छह महीने के लिए बढ़ाया गया अफस्पा

गुवाहाटी। असम पुलिस ने रविवार को कहा कि राज्य के चार जिलों में सशस्त्र बल (विशेषाधिकार) अधिनियम (अफस्पा) का छह और महीनों के लिए विस्तार कर दिया गया है। गुवाहाटी में असम पुलिस दिवस 2023 के मौके पर आयोजित एक समारोह में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चार अन्य जिलों से ‘‘अशांत क्षेत्र” का दर्जा हटा लिया गया है, जिसके कारण अफस्पा लगाया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘आज से असम के केवल चार जिलों में अफस्पा रहेगा। ये जिले डिब्रूगढ़, तिनसुकिया, शिवसागर और चराइदेव हैं।” सिंह ने कहा कि जोरहाट, गोलाघाट, कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ से एक अक्टूबर से अफस्पा हटा लिया गया है। असम सरकार ने इससे पहले इन आठ जिलों में एक अप्रैल से और छह महीने के लिए अफस्पा के तहत ‘अशांत क्षेत्र’ अधिसूचना का विस्तार किया था। अफस्पा के तहत, किसी पूर्व वारंट के बगैर सुरक्षा बलों को अभियान चलाने और किसी को भी गिरफ्तार करने का अधिकार होता है। साथ ही किसी व्यक्ति को गोली मारने पर उन्हें गिरफ्तारी या अभियोजन से छूट मिलती है। डीजीपी ने कहा, ‘‘पिछले 30-40 वर्षों के दौरान अस्थिर दौर से गुजरने के बाद असम शांतिपूर्ण स्थिति में पहुंच गया है। असम पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की कड़ी मेहनत के कारण, हमारे पास यह शांतिपूर्ण माहौल है। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान, सभी बलों के कांस्टेबल जैसे निचले स्तर के कर्मियों से अधिकतम योगदान प्राप्त हुआ। सिंह ने कहा, ‘‘मैं कहना चाहूंगा कि हम होमगार्ड और वीडीपी (ग्राम रक्षा दल) के योगदान को नहीं भूल सकते। हमारे पास लगभग 25,000 वीडीपी और 10,000 होम गार्ड हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि असम पुलिस राज्य की समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार की दिशा में लगातार काम कर रही है। गत नौ सितंबर को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा था कि कैबिनेट ने शेष आठ जिलों से अफस्पा के तहत ‘अशांत क्षेत्र’ हटाने की सिफारिश को मंजूरी दे दी है। अफस्पा पहली बार नवंबर 1990 में असम में लगाया गया था और तब से राज्य सरकार द्वारा समीक्षा के बाद इसे हर छह महीने की अवधि के बाद बढ़ाया जाता है।


दंपति को टक्कर, कन्नड़ फिल्म अभिनेता गिरफ्तार

बेंगलुरु। कन्नड़ फिल्म अभिनेता नागभूषण एस एस द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही एक तेज रफ्तार कार ने एक दंपति को टक्कर मार दी, जिसमें 48 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके 58 वर्षीय पति गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अभिनेता को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना 30 सितंबर की रात बेंगलुरु में वसंतपुरा मुख्य मार्ग पर हुई। पुलिस के अनुसार, प्रेमा एस और कृष्णा बी फुटपाथ पर टहल रहे थे, तभी उत्तरहल्ली से कोनानाकुंते की ओर जाते समय आरोपी की कार ने कथित तौर पर उन्हें टक्कर मार दी और बाद में वह बिजली के खंभे से जा टकराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ‘‘तेजी और लापरवाही” से कार चला रहा था। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दंपति को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति का इलाज चल रहा है। यह हादसा कुमारस्वामी यातायात पुलिस सीमा के अंतर्गत हुआ। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और नागभूषण को गिरफ्तार कर लिया।


पाकिस्तान : गश्त चौकी पर हमला, पुलिसकर्मी की मौत

लाहौर। पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने पंजाब प्रांत में एक पुलिस चौकी पर आतंकवादी हमले को नाकाम करने का रविवार को दावा किया, जिसमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के दो अति वांछित आतंकवादी मारे गए। पंजाब पुलिस प्रमुख उस्मान अनवर ने एक बयान में कहा कि रविवार तड़के मियांवाली में कुंडल गश्ती चौकी पर हुए हमले में एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई। उन्होंने कहा, “(लाहौर से लगभग 300 किमी दूर) मियांवली में कुंडल पंजाब राजमार्ग गश्ती चौकी में पंजाब के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) की सहायता से चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने कल रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर 12 से 15 आतंकवादियों के हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया।” अनवर ने कहा कि अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल हारून की जान चली गई, कई आतंकवादी घायल हो गए जबकि सीटीडी कर्मियों को इलाके में खोजबीन के बाद दो शव मिले।


अमेरिका-भारत संबंध साझा विचारों और मूल्यों पर बने हैं: वर्मा

वाशिंगटन। अमेरिका-भारत संबंध साझा विचारों और मूल्यों पर स्थापित हुए हैं और उनमें सबसे ऊपर लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता है।’ बाइडन प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी ने यह बात कही। भारतीय संस्कृति की विविधता तथा जीवंतता तथा भारत-अमेरिका संबंधों का जश्न मनाने के लिए भारतीय दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रबंधन और संसाधन संबंधी मामलों के उप विदेश मंत्री रिचर्ड वर्मा ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध साझा विचारों और साझा मूल्यों पर स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे ऊपर लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता है। महात्मा गांधी ने 1942 में तत्कालीन राष्ट्रपति रूजवेल्ट को पत्र लिखा था कि उन्हें ‘थोरो और इमर्सन के लेखन से बहुत लाभ हुआ है’ और कुछ साल बाद, डॉ. मार्टिन लूथर किंग ने लिखा, ‘‘यह गांधी और उनका प्रेम था और अहिंसा से मैंने सामाजिक सुधार का तरीका खोजा तथा गांधी का दर्शन ही एकमात्र नैतिक तथा व्यावहारिक रूप से सही तरीका था, जो प्रताड़ित लोगों के लिए स्वतंत्रता के संघर्ष में खुला था।” ‘इंडियन हाउस’ में आयोजित इस कार्यक्रम में बाइडन प्रशासन के शीर्ष भारतीय-अमेरिकी अधिकारियों और पूरे अमेरिका से भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता शामिल हुए। वर्मा ने कहा, ‘‘अमेरिका और भारत के मूल्य सभी लोगों के लिए निष्पक्षता और न्याय की पक्षधर हैं। ये मूल्य दोनों देशों को एक साथ जोड़े रखते हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण था कि 60 साल पहले, मेरे पिता ने बसने के लिए इस देश को चुना और उनकी जेब में केवल 14 डॉलर और एक बस टिकट था। इसके बाद जो हुआ वह एक इतिहास बनने के समान है। उनके बच्चे के लिए अपनी जड़ों वाले देश (भारत) में अमेरिकी राजदूत के रूप में काम करना और अब अमेरिका के उप विदेश मंत्री के रूप में काम करना सबसे लंबे समय तक चलने वाले एक सपने की तरह है।” उन्होंने कहा कि राजनयिक से राजनीतिज्ञ बने विदेश मंत्री एस. जयशंकर आधुनिक भारत-अमेरिका संबंधों के वास्तुकार हैं। जयशंकर इस समय शहर के आधिकारिक दौरे पर हैं।


केरल में पेरियार नदी में कार गिरने से दो चिकित्सकों की मौत

कोच्चि। केरल में कोच्चि के निकट गोथुरुथ में पेरियार नदी में एक कार के गिर जाने से शनिवार देर रात कार सवार दो चिकित्सकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। अद्वैत (29) और अजमल (29) जिले के एक निजी अस्पताल में पदस्थ थे। शनिवार देर रात साढ़े बारह बजे हुई दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य लोग दुर्घटना में घायल हो गए और उनका पास के अस्पताल में उपचार किया गया। पुलिस ने कहा कि प्रतीत होता है कि कार चालक गूगल मैप के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए उस क्षेत्र में पहुंचा था। उन्होंने कहा, ‘‘ भारी बारिश के कारण उस वक्त दृश्यता काफी कम थी। वे गूगल मैप के बताए रास्ते पर जा रहे थे,लेकिन लगता है कि मैप में बताए गए बाएं मोड़ के स्थान पर वे गलती से आगे बढ़ गए और नदी में गिर गए।” स्थानीय लोग इन्हें बचाने के लिए पहुंचे और उन्होंने दमकल सेवा तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। एक स्थानीय निवासी ने मीडिया को बताया कि एक महिला सहित तीन लोगों को निकाला गया। गोताखोरों की टीम को चिकित्सकों के शवों को निकालने के काम में लगाया गया। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।


भाजपा केन्द्र, राज्य दोनों में विफल : पायलट

जयपुर। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केंद्र में सत्ता में असफल हो रही है और राजस्थान में विपक्ष के तौर पर विफल रही है। पायलट रविवार को नीम का थाना के अजीतगढ़ में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आज देश में भाजपा का राज है.. साढ़े नौ साल से केंद्र में भाजपा की सरकार का काम हुआ, आप लोगों ने देखा है.. यह भाजपा केंद्र में सत्ता में विफल हो रही है और राजस्थान मे विपक्ष के तौर पर असफल हुयी है। उन्होंने कहा कि आज की सभा की भीड़ इस बात को दिखाती है कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। उन्होंने कहा, ‘‘वो पांच साल जब भाजपा के 163 विधायक थे.. 25 सांसद थे.. केन्द्र में पूर्ण बहुमत की सरकार थी, वो पांच साल का संघर्ष जब हम लोगों ने किया, वो संघर्ष इसलिए कामयाब हुआ क्योंकि इस क्षेत्र (के लोगों) ने कांग्रेस का साथ दिया था।’ पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर दोबारा हमलोगों को बनानी है, तो हमे सबको साथ लेकर चलने की जरूरत है.. वह चाहे छोटा कार्यकर्ता हो या देश प्रदेश का बड़ा नेता हो.. हम सबको साथ लेकर चलेंगे तभी कांग्रेस का परिवार संपन्न होगा और दोबारा सरकार बनेगी।


0000

प्रातिक्रिया दे