0 करील संग्रहण करने 4 लोग गए थे डंपिंग एरिया में, एक घायल
0 कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र की घटना
कोरबा। करील संग्रहण करने गए एक ही परिवार के चार लोगों पर दंतैल हाथी ने हमला कर दिया है। हाथी हमले में दो महिलाओं की मौत हो गई है जो रिश्ते में ननद-भाभी थे। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है जो मृत महिला का भाई था जबकि मृत महिला का पुत्र इस घटना में बाल बाल बच गया है। हाथी हमले से वनांचल क्षेत्र में दहशत की स्थिति बनी हुई है। वन विभाग द्वारा लगातार उत्पात रोकने का दावा किया जाता है लेकिन नतीजा सिफर नजर आ रहा है।
जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर ग्राम कोरबी निवासी पुनीबाई 55 वर्ष पति उदय सिंह, उसका पुत्र दीपक कुमार, नार सिंह कंवर 45 वर्ष पिता मानसिंह, राजकुमारी 39 वर्ष पति नार सिंह रविवार की सुबह अपने गांव से लगभग 12 किलोमीटर दूर कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत आने वाले लालपुर बीट के चोटिया कोल माइंस के डंपिंग एरिया में सुबह लगभग 11 बजे करील व पुटु संग्रहण करने के लिए गए हुए थे।
–
परिवार के चार सदस्य
बताया जाता है कि एक ही परिवार के कुल चार लोग जंगल से दूर डंपिंग एरिया में करील संग्रहण करने गए थे। लगभग 11 बजे के आसपास दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। ऐसे में दो युवक भागने में सफल हो गए। इस दौरान पुनीबाई और राजकुमारी पर हाथी ने हमला कर दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
–
नार सिंह गंभीर, बाल-बाल बचा दीप
नार सिंह कंवर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पोड़ी उपरोड़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया है। वहीं दूसरी ओर दीपक हाथी को चकमा देकर भागने में सफल रहा जिससे वह बाल बाल बच गया। हाथी हमले में एक साथ दो महिलाओं की मौत हो जाने से वनांचल क्षेत्र में लोग भयभीत हैं।
000

