- पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को याद करते हुए कहा कि भारत अब भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ एक स्वर में बोल रहा है। पार्टी के सांसदों के साथ बैठक करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के खिलाफ वे सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएं। भाजपा ने इसी तर्ज पर देश भर में कार्यक्रम आयोजित किए हैं। भारत छोड़ो आंदोलन के 81 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक महाअभियान शुरू करने जा रही है। 21 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का समापन 29 या 30 अगस्त कर्तव्य पथ पर किया जाएगा।
गौरतलब है कि नौ अगस्त, 1942 को अंग्रेजों के खिलाफ महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। बुधवार को इसके 81 साल पूरे हो गए हैं। मोदी ने ट्वीट में कहा, भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधी जी के नेतृत्व में इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त कराने में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, आज भारत एक स्वर में कह रहा है: भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। वंशवाद भारत छोड़ो। तुष्टिकरण भारत छोड़ो। मोदी ने बार-बार विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है और लोगों से उनसे दूर रहने का आह्वान किया।
भाजपा का राहुल-सोनिया पर कार्टून
भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से एक ट्वीट कर कांग्रेस पर तंज कसा। इस ट्वीट में एक कार्टून दिखाया गया है जिसमें राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी से कह रहे हैं, ‘मॉम हमारे पास तो पब्लिक है’। साथ ही कार्टून में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण का बैनर लिए पब्लिक को दिखाया गया है।
99999999999
हम भाजपा से दिल्ली छुड़वाने की कसम लेते हैं : ममता
झारग्राम (पश्चिम बंगाल)। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि मणिपुर में आदिवासी संकट का सामना कर रहे हैं। उनकी तकलीफें सुनने वाला कोई नहीं है। भारत में दलितों को प्रताड़ित किया जा रहा है और केन्द्र को कोई फर्क नहीं पड़ता है। भारत छोड़ो दिवस पर हम भाजपा से भारत छुड़वाने की कसम लेते हैं।’ झारग्राम के तीन दिवसीय प्रशासनिक दौरे पर आयीं बनर्जी ने पूर्वोत्तर राज्य की स्थिति से निपटने में असफल रहने को लेकर भाजपा नीत केन्द्र सरकार पर निशाना साधा और दुनिया भर के लोगों से उनके लिए प्रार्थना करने को कहा।
999
हिरासत में ‘भारत छोड़ो दिवस’ मनाने जा रहे महात्मा गांधी के प्रपौत्र
मुंबई। महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने बुधवार को दावा किया कि पुलिस ने उन्हें तब हिरासत में ले लिया जब वह ‘भारत छोड़ो दिवस’ मनाने के लिए यहां स्थित अगस्त क्रांति मैदान जा रहे थे। सामाजिक कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड़ ने भी एक ट्वीट के जरिए दावा किया कि उन्हें उनके घर से निकलने से रोका गया और जाने माने स्वतंत्रता सेनानी जी जी पारिख को भी अगस्त क्रांति मैदान पहुंचने से रोका गया। तुषार गांधी, सीतलवाड़ और पारिख गिरगांव चौपाटी से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘शांति मार्च’ में भाग लेने वाले थे। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि तुषार गांधी उपनगर सांताक्रूज में अपने आवास से जब बाहर निकले, तो उन्हें बताया गया कि वह रैली में भाग लेने नहीं जा सकते क्योंकि इसकी अनुमति नहीं दी गई है। अधिकारी ने बताया कि उन्हें बाद में अगस्त क्रांति मैदान जाने की अनुमति दे दी गई।
00

