—
— अविश्वास प्रस्ताव पर सियासी सरगर्मी, स्मृति ने राहुल पर लगाया ‘फ्लाइंग किस’ का आरोप
— मणिपुर हिंसा पर संसद में गरजे राहुल, जवाब में बरसे केंद्रीय गृहमंत्री
—
इंट्रो
संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीखे तेवर दिखाए। राहुल ने सरकार पर आरोप लगाया कि मणिपुर में भारत माता की हत्या की गई। राहुल के बयान पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि कि समाज के तौर पर हम मणिपुर में हिंसा की घटनाओं से शर्मिंदा हैं। वहां हिंसा कम हो रही है। आग में घी न डालें। इस बीच, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल पर सदन में ‘फ्लाइंग किस’ का आरोप लगाया।
—
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वोत्तर के इस राज्य में ‘भारत माता’ की हत्या की गई है और ऐसा करने वाले लोग ‘देशद्रोही’ हैं। उन्होंने लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री इस राज्य को हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं समझते। सत्तापक्ष के सदस्यों की टोकाटोकी के बीच कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत एक आवाज है और अगर इस आवाज को सुनना है तो अहंकार और नफरत को त्यागना होगा। उन्होंने लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद सदन में यह वक्तव्य दिया और सदस्यता बहाल करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। राहुल गांधी के वक्तव्य के दौरान सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे के बीच पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने आरोप लगाया कि देश में 70 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने पूर्वोत्तर को बर्बाद कर दिया था। सत्तापक्ष के सदस्यों की टोकाटोकी पर सदन में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जवाब देते समय इसका (टोका-टोकी का) सूद सहित जवाब दिया जाएगा। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में वह इस तरह की बात नहीं कर सकते। राहुल गांधी ने अपने मणिपुर दौरे के अनुभव का उल्लेख किया और सरकार पर आरोप लगाया, आपने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। भारत माता की हत्या की है और ये भारत माता के रखवाले नहीं हो सकते। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह आरोप भी लगाया, आप देशद्रोही हैं, आप देशप्रेमी नहीं हैं, इसलिए आपके प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा रहे। इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान को मार दिया है। उन्होंने कहा, आप भारत माता के रखवाले नहीं हो, आप भारत माता के हत्यारे हो।
—
पीएम आज तक क्यों नहीं गए मणिपुर
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, कुछ दिनों पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान (का हिस्सा) नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, आज की सच्चाई है कि मणिपुर को आपने बांट दिया है, तोड़ दिया है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस सरकार ने हरियाणा और देश के कई अन्य हिस्सों में ‘केरोसिन छिड़क दिया’ है।
—
रावण को लेकर ऐसा तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, रावण सिर्फ दो लोगों मेघनाथ और कुंभकर्ण की सुनता था, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ अमित शाह और अडाणी की सुनते हैं। राहुल गांधी ने कहा, लंका को हनुमान जी ने नहीं जलाया था, रावण के अहंकार ने जलाया था। रावण को राम ने नहीं मारा था, रावण के अहंकार ने ही उसे मारा था।
—
स्पीकर बोले- भारत माता पर ऐसे शब्द न बाेलें
इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, भारत माता के बारे में कोई भी ऐसा शब्द नहीं बोला जाना चाहिए जो उचित नहीं हो। इसके जवाब में राहुल ने कहा, भारत माता मेरी भी माता हैं। मेरी एक माता (सोनिया गांधी) यहां बैठी हुई हैं और दूसरी भारत माता हैं। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सदन में उपस्थित थीं।
—
शाह बोले- मणिपुर पर राजनीति करना ज्यादा शर्मनाक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि मणिपुर की घटना शर्मनाक है, लेकिन उस पर राजनीति करना उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। सरकार की मंशा वहां जनसांख्यिकी में बदलाव करने की कतई नहीं है, ऐसे में सभी पक्षों को मिलकर उस राज्य में शांति बहाली की अपील करनी चाहिए। लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर से जुड़े घटनाक्रम का ब्यौरा दिया और सरकार द्वारा वहां शांति स्थापित करने की दिशा में उठाये गए कदमों की जानकारी दी। गृह मंत्री ने मणिपुर में सभी पक्षों से हिंसा छोड़ने की अपील की और कहा कि हिंसा किसी समस्या का समाधान नहीं है। शाह ने कहा, वे विपक्ष की इस बात से सहमत हैं कि मणिपुर में हिंसा का तांडव हुआ, हिंसक घटनाएं हुईं। वहां जो कुछ भी हुआ, वह शर्मनाक है। उस पर राजनीति करना उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि वहां जो दंगे हुए वे परिस्थितिजन्य थे और इस पर राजनीति करना उचित नहीं है।
–
कुकी समुदाय पर कसा शिकंजा
मणिपुर के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 2021 में म्यांमा में सैन्य शासन आया। इसके बाद वहां कुकी समुदाय पर शिकंजा कसा जाने लगा। फिर वहां से भारी संख्या में कुकी आदिवासी मिजोरम और मणिपुर में आने लगे और वे जंगलों में बसने लगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद मणिपुर के बाकी हिस्सों में असुरक्षा की भावना ने जन्म ले लिया। इसके बाद स्थिति को समझते हुए सरकार ने सीमा को बंद करने की दिशा में काम किया। शाह ने कहा कि इस बीच ऐसी अफवाह फैल गई कि 53 बसावटों को अस्थायी जंगल गांव घोषित किया गया है जिससे पहले से व्याप्त असुरक्षा की भावना और बढ़ गई।
स्मृति ने ‘फ्लाइंग किस’ पर राहुल को घेरा
भाजपा सांसदों ने की शिकायत
केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सदन में ‘फ्लाइंग किस’ की भाव-भंगिमा प्रदर्शित करते हुए महिला सांसदों के प्रति अभद्र व्यवहार दिखाने का आरोप लगाया। उन्हें स्त्रियों से द्वेष रखने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि सदन में पहले कभी ऐसा आचरण नहीं देखा गया। भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की और केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित भारतीय जनता पार्टी की 20 महिला सांसदों के हस्ताक्षर वाले शिकायत पत्र में कहा गया है, हम आपका ध्यान आज सदन में केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी से संबंधित एक घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। उक्त सदस्य ने अभद्र आचरण प्रदर्शित किया और उस समय केंद्रीय मंत्री एवं सदन की सदस्य स्मृति ईरानी को लेकर अभद्र भाव-भंगिमा प्रदर्शित की जब वह सदन को संबोधित कर रही थीं।
भाजपा की महिला सांसद खफा–
भाजपा की महिला सांसदों ने मांग की कि सदस्य (राहुल) के ऐसे अभद्र आचरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, जिन्होंने न केवल सदन में एक महिला सदस्य को अपमानित किया है बल्कि इस सदन की गरिमा को कम किया है। निचले सदन में चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस घटना का जिक्र किया।
000

