मारिउपोल पर रूस का कब्जा, लुहांस्क के 80 फीसदी क्षेत्र पर भी जमाया अधिकार

-यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं रशिया ने

-रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा- मारिउपोल ‘सफलतापूर्वक स्वतंत्र’

-मिसाइल का भी परीक्षण किया है रूस ने

ल्वीव (यूक्रेन)। रूस ने यूक्रेन के मारिउपोल शहर पर कब्जा जमा लिया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऐलान कर दिया है कि यूक्रेन के मारिउपोल शहर को ‘सफलतापूर्वक स्वतंत्र’ करवा लिया गया है। हालांकि पुतिन ने अपनी सेना से कहा है कि शहर में यूक्रेन के आखिरी स्ट्रॉन्गहोल्ड ऐजोव्स्टल पर हमला न करें। राष्ट्रपति पुतिन के रक्षा मंत्री की तरफ से जानकारी मिलने के बाद अपनी सेना की पीठ थपथपाई है। रक्षा मंत्री ने पुतिन को जानकारी दी कि स्टील प्लांट के अलावा शहर पर रूस की सेना का नियंत्रण हो गया है। आपको बताते चलें कि बिना स्टील प्लांट पर कब्जा किए रूस मारिउपोल में पूरी जीत घोषित नहीं कर सकता है। हालांकि मारिउपोल एक अहम शहर है और अगर रूस उसपर कब्जा करने का दावा करता है तो इसका सांकेतिक बड़ा महत्व है। बता दें कि जब से युद्ध शुरू हुआ है मारिउपोल शहर को बड़ा नुकसान हुआ है।

लुहांस्क के 80 प्रतिशत क्षेत्र पर भी जमाया कब्जा

यूक्रेन के पूर्वी प्रांत लुहांस्क के गवर्नर के मुताबिक रूसी सेना ने इस क्षेत्र के 80 प्रतिशत हिस्से को अपने नियंत्रण में ले लिया है। लुहांस्क उन दो महत्वपूर्ण प्रांतों में से एक है, जिनको मिलाकर डोनबास का क्षेत्र कहा जाता है। रूस के घोषित लक्ष्यों में से एक डोनबास में मास्को समर्थित अलगाववादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्र का विस्तार करना है। रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी को आक्रमण किया था, उससे पहले लुहांस्क का 60 प्रतिशत क्षेत्र कीव में मौजूद यूक्रेन की सरकार के नियंत्रण में था। लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदाई ने कहा कि इस सप्ताह पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में अपने हमलों को फिर से शुरू करने वाले रूसी सैनिकों ने लुहांस्क क्षेत्र में हमले तेज कर अपना नियंत्रण मजबूत कर लिया है। डोनबास के दोनेत्स्क क्षेत्र में भी रूसी हमले काफी तेज हो गए हैं।


प्रातिक्रिया दे