पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन 15 सितंबर तक

नई दिल्ली। पद्म पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन जमा कराने और सिफारिशें करने की ऑनलाइन प्रक्रिया जारी है। इसकी अंतिम तिथि 15 सितंबर है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आम जनता से पुरस्कारों के लिए अपने नामांकन और सिफारिशें भेजने को कहा और इन्हें केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त किया जाएगा। पद्म पुरस्कार – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। पद्म पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस 2024 के मौके पर की जाएगी।

नदी में गिरा ट्रक, पांच की मौत, कई घायल

भोपाल। दतिया जिले में बुधवार को एक ट्रक के पलट कर नदी में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यह जानकारी दी। दुर्घटना दतिया जिले के बुहारा गांव के निकट तड़के हुई। ट्रक सवार लोग ग्वालियार से टीकमगढ़ जिले के जतारा में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ये लोग खटीक समुदाय से ताल्लुक रखते थे। ट्रक पलट कर बुहारा नदी में गिर गया। इस दुर्घटना में 65 वर्षीय एक महिला, 15 वर्षीय लड़का और तीन अन्य बच्चे मारे गए।

भटनागर होंगे सीबीआई में विशेष निदेशक

नई दिल्ली। भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अजय भटनागर को सीबीआई में विशेष निदेशक नियुक्त किया गया है। भटनगार झारखंड कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। फिलहाल सीबीआई में अतिरिक्त निदेशक हैं। उन्हें 20 नवंबर 2024 को उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख तक इस पद पर नियुक्त किया गया है। सीबीआई में संयुक्त निदेशक अनुराग अब एजेंसी में अतिरिक्त निदेशक होंगे। आदेश में कहा गया है कि उन्हें 24 जुलाई 2023 तक की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है ।

0

प्रातिक्रिया दे