- गृहमंत्री शाह ने गुरदासपुर में आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर साधा निशाना
गुरदासपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पंजाब के गुरदासपुर में आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जैसी खोखले वादे करने वाली सरकार मैंने अपने पूरे जीवन में नहीं देखी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां(पंजाब) के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ अरविंद केजरीवाल को देशभर का दौरा करवाते हैं। मुख्यमंत्री का पूरा समय केजरीवाल के दौरे में जाता है, जिस कारण पंजाब की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के पास पंजाब के लिए समय ही नहीं है। शाह ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि 1984 में जो नरसंहार कांग्रेस के नेतृत्व ने किया था, हजारों निर्दोष सिख भाई-बहनों की हत्या की थी। 1984 से लेकर 2014 तक दोषियों को सजा नहीं हुई। सिख दंगों के दोषियों को जेल भेजने का काम नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया।
‘मोदी सरकार ने 60 करोड़ गरीबों को दिया नया जीवन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर अमित शाह ने कहा, ‘ये 9 साल एक प्रकार से देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षर से लिखे जाने वाले 9 साल हैं। आज दुनिया में भारत की पहचान दुनिया के ग्रोथ इंजन के रूप में होती है। पीएम मोदी ने 9 साल में गरीब कल्याण के माध्यम से 60 करोड़ गरीबों को एक नया आशा भरा जीवन देने का काम किया है।
‘सिख गुरुओं ने पूरे देश को समानता का पाठ पढ़ाया’
शाह ने कहा कि पंजाब ऐसा राज्य है, जहां तिरंगे के तीनों रंग देखने को मिलते हैं। शहीदों के बलिदान के भाव में केसरिया रंग देखने को मिलता है, गुरूओं के शांति और सद्भाव के संदेश में सफेद रंग दिखाई देता है और अन्नदाता किसान जब देश के गोदामों को भर देता है, तब हमें हरा रंग भी देखने को मिलता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महान सिख गुरूओं ने न केवल पंजाब बल्कि देशभर में हमें देशभक्ति, समानता और सद्भाव का पाठ सिखाया। इसी पर चलते हुए पंजाब ने आजादी के पहले और आजादी के बाद हर संकट में पूरे देश की रक्षा की है।
–
केजरी के पायलट बने सीएम मान
शाह ने पंजाब के सीएम भगवंत मान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, आज केजरीवाल देश में कहीं भी जाते है तो भगवंत मान अपना जहाज लेकर दिल्ली पहुंच जाते हैं। वहां से दोनों आगे जाते हैं। भगवन्त मान पंजाब हित में देश घूमने की बजाए केजरीवाल के पायलट बनकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के पास इस समय केवल केजरीवाल को खुश रखने और उन्हें देश घुमाने का काम है।
–
नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी पंजाब भाजपा
गृहमंत्री शाह ने पंजाब में बढ़ रही नशा तस्करी के मुद्दे पर पंजाब सरकार की जमकर आलोचना की। पंजाब भाजपा कार्यकर्ताओं को एक नया टास्क दिया गया है। शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा के कार्यकर्ता पंजाब में ब्लाक स्तर पर कार्यकम करेंगे और घर-घर जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे।
0
000

