रूस के राष्ट्रपति पुतिन की हत्या की साजिश, घर पर ड्रोन से हमला

— क्रेमलिन के नजदीक मार गिराए गए दो यूक्रेनी ड्रोन

—रूस ने यूक्रेन पर लगाया पुतिन की हत्या की कोशिश का आरोप

— पुतिन के सुरक्षित होने का दावा, रूस ने बदले की धमकी दी

इंट्रो

रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतिन के क्रेमलिन स्थित घर पर ड्रोन से हमले की कोशिश की गई है। हालांकि, हमले के वक्त पुतिन अपने आवास में मौजूद नहीं थे। रूस की संसद क्रेमलिन ने कहा है कि राष्ट्रपति आवास पर हमले पर की कोशिश की गई है। इसे राष्ट्रपति पर हमला माना गया है। क्रेमलिन ने यूक्रेन पर साजिश का आरोप लगाया है। रूस के डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को मार गिराया है।

मॉस्को। रूसी अधिकारियों ने बुधवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने बीती रात राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या के प्रयास में क्रेमलिन पर दो ड्रोन से हमला किया। क्रेमलिन ने कथित हमले के प्रयास को आतंकवादी कृत्य करार दिया। कहा कि रूसी सेना और सुरक्षाबलों ने हमले से पहले ही दोनों ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया। रूस की सरकारी समाचार एजेंसियों द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ को बताया कि पुतिन उस समय क्रेमलिन में नहीं थे और नोवो-ओगारियोवो निवास से काम कर रहे थे। रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय को क्रेमलिन कहते हैं। क्रेमलिन ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सुरक्षित हैं और अपने कार्यक्रम में कोई बदलाव किए बगैर काम कर रहे हैं। यूक्रेन की तरफ से इन आरोपों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है। क्रेमलिन ने कथित घटना से संबंधित कोई सबूत पेश नहीं किया, और उसके बयान में अधिक विवरण शामिल नहीं था। ‘तास’ ने बयान के हवाले से कहा कि क्रेमलिन घटना को नौ मई को रूस द्वारा मनाए जाने वाले ‘विजय दिवस’ से पहले पुतिन की हत्या के प्रयास के तौर पर देखता है। क्रेमलिन के प्रवक्ता पेस्कोव ने कहा कि सैन्य परेड उस दिन अपने निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक होगी। ‘तास’ की खबर में बयान के हवाले से कहा गया, रूस “जब और जहां उचित समझे” जवाब देने का अधिकार रखता है।

संसद ने बताया आतंकी हमला

रूस की संसद क्रेमलिन ने राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हमले को आतंकवादी हमला बताया है। ये हमला विक्ट्री डे से एक दिन पहले हुआ है। क्रेमलिन ने कहा है कि पुतिन हमले में घायल नहीं हुए हैं, साथ ही उनके पहले से निर्धारित कार्यक्रमों में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। सभी कार्यक्रम पहले ही तरह चलते रहेंगे। ड्रोन हमले को सेना और स्पेशल सर्विस ने नाकाम किया है. रूसी संसद के मुताबिक हमले से कोई जान और माल की हानि नहीं हुई है।

रूस ने कहा- जल्द बदला लेंगे

क्रेमलिन ने अपने बयान में कहा है कि वह राष्ट्रपति पर हुई हमले की कोशिश का जल्द बदला लेंगे। रूसी सेना ने भी यूक्रेन को धमकी दी है। 14 महीने से चले रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान ये कीव पर सबसे गंभीर आरोप है। रूस ने कहा है कि ड्रोन हमले के बाद भी नौ मई को होने वाली परेड अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।

यूक्रेन ने कहा- हमले की जानकारी नहीं

यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रवक्ता सर्गेई निकिफोरोव ने पुतिन पर हमले की कोशिश के बारे में कहा कि हमें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि क्रेमलिन पर कोई कथित हमला किया गया है। हम सिर्फ अपने देश की हिफाजत कर रहे हैं, दूसरों पर हमले का कोई इरादा नहीं है। हमारा इस हमले की कोशिश से कोई लेना-देना नहीं है। रूस सिर्फ यूक्रेन को तबाह करने के बहाने तलाश रहा है।

मॉस्को तक कैसे पहुंच गया यूक्रेनी ड्रोन

मॉस्को से यूक्रेनी सीमा की दूरी लगभग 600 किलोमीटर है। इतनी दूरी तय करने के लिए किसी भी ड्रोन को चंद मिनटों का समय लगेगा। पहले भी यूक्रेन के कई ड्रोन को मॉस्को के नजदीक पहुंचते हुए देखा गया है। अप्रैल के आखिरी में यूक्रेन का यूजे-22 ड्रोन नोगिंस्क के जंगल में पाया गया था। यह जंगल मॉस्को की सीमा के नजदीक है। इस ड्रोन में कनाडा से आपूर्ति किया गया 17 किलोग्राम एम112 विस्फोटक लगा था। ऐसे में मॉस्को के अंदर तक ड्रोन की घुसपैठ को मुश्किल नहीं माना जा सकता है।

अभेद्य किला रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन

रूसी राष्ट्रपति का कार्यालय क्रेमलिन एक किलेनुमा जगह है। क्रेमलिन नाम का अर्थ है एक शहर के अंदर का किला। इसके अंदर और बाहर सुरक्षा का विशेष प्रबंध रहता है। शीत युद्ध के समय से ही क्रेमलिन की सुरक्षा इतनी चाक चौबंद है कि बिना अनुमति कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। यही कारण है कि यूक्रेनी ड्रोन को हमले के पहले ही मार गिराया गया है। क्रेमलिन के अंदर पांच महल, चार चर्च और बाउंड्री वॉल से लगे हुए कई टावर हैं। परिसर के भीतर ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस है जो पहले मास्को में रूसी सम्राट का निवास था। यह परिसर अब रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास है। क्रेमलिन दक्षिण में मोस्क्वा नदी, पूर्व में सेंट बेसिल कैथेड्रल और रेड स्क्वायर और पश्चिम में अलेक्जेंडर गार्डन के बीच में स्थित है।

00

प्रातिक्रिया दे