बालाघाट में सुबह-सुबह हुई मुठभेड़
दोनों पर था 14-14 लाख का ईनाम
बालाघाट> मध्य प्रदेश के बालाघाट में शनिवार तड़के पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। इस दाैरान दोनों ओर से हुई भीषण गोलीबारी में हॉक फोर्स ने दो महिला नक्सलियों को मार गिराया। दोनों ही महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख रुपये का ईनाम घोषित था। बालाघाट पुलिस ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। मुठभेड़ में कई अन्य नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है। मुठभेड़ आज सुबह गढ़ी थाना अंतर्गत कदला के जंगलों में हुई। दोनों ओर से लगातार गोली बारी के बीच हॉक फ़ोर्स के जवानों ने बहादुरी के साथ लड़ते नक्सलियों को भागने मजबूर कर दिया। नक्सलियों की तलाश के लिए जंगल में सर्च अभियान जारी है। घटना स्थल पर बालाघाट जोन केआईजी, एसपी समीर सौरभ और हॉक फोर्स के सीईओ मौजूद हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसके लिए पुलिस और हॉक फोर्स को बधाई दी है।
दोनों पर था 14-14 लाख का इनाम
मृतक नक्सली सुनीता भोरम देव एरिया कमांडर, टाडा दलम में रही थी। फिलहाल वह विस्तार दलम में काम कर रही थी। वहीं, सरिता खटिया मोचा गार्ड के रूप में काम करती थी। वह भी अभी विस्तार दलम में आ गई थी। बालाघाट जिला दशकों से नक्सली समस्या से जूझ रहा है। पिछले साल बालाघाट पुलिस ने छह कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया था। इन दोनों के पास से बंदूकें, कारतूस, बड़ी मात्रा में नक्सली असलहे और खाने पीने की सामग्री बरामद की गई है।
जंगल में तलाशी अभियान तेज
इस मुठभेड़ के बाद बालाघाट पुलिस ने जंगल में सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हालांकि अभी नक्सलियों के यहां आने और मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ व हॉकफोर्स सीओ घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
जायजा लिया।
000

