छूही खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, चार की मौत

बैकुंठपुर। खड़गवां विकासखंड स्थित बंजारी डांड के मौहारी पारा रोड लोहरिया नदी में छूही माटी खुदाई के समय में मिट्टी धंसने से लोगों के दबने की खबर है। हादसे के बाद अभी तक 4 शव निकाले गए हैं। रेस्क्यू जारी है। जानकारी के अनुसार शादी ब्याह का सीजन चल रहा है, इसलिए लोग घरों की दीवार की पुताई के लिए मिट्टी खोजने जाते हैं। आसपास के ग्राम के लोग चिरमिरी वन परिक्षेत्र के बंजारीडांड के बहालपुर बीट स्थित लोहरिया नदी में छूही माटी की खोदाई करते हैं। बुधवार को भी कुछ ग्रामीण वहां पर खोदाई कर रहे थे तभी मिट्टी धंसने से वे वहां फंस गए। सूचना पर मौके पर पुलिस व प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू का कार्य प्रारंभ किया गया। टीम ने अब तक रामसुंदर पिता रामदास उम्र 45 वर्ष निवासी पोटेडॉड, पूजा पिता राम सिंह 25 साल पोटेडॉड, मानमती शिवकुमार 60 साल, मीराबाई अमर सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी गड़तर का शव बरामद किया है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। जेसीबी से रेस्क्यू का कार्य किया जा रहा है। अभी और शव बरामद होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद अफसरों का कहना है रेस्क्यू पूरा होने के बाद पता चल पाएगा कि कितने लोग प्रभावित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हादसे में मृतकजनों के प्रति शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि बंजारीडांड के मौहारी पारा रोड लोहरिया नदी में छुही मिट्टी की खुदाई का काम चल रहा था। इसमें मिट्टी धसकने से चार मजदूरों की मौत हो गई। घटना स्थल में रेस्क्यू कार्य जारी है।

00000

प्रातिक्रिया दे