14 महीने के बच्चे ने 26 देशों के फ्लैग पहचाने, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

-सबसे कम उम्र का गूगल बॉय बना रींवा का यशस्वी

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के रीवा के रहने वाले 14 महीने के बच्चे यशस्वी का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। उसे ये उपलब्धि तीन मिनट में 26 देशों के राष्ट्रीय झंडों को पहचानने पर मिली है। साथ ही यशस्वी देश में सबसे कम उम्र का पहला गूगल बॉय भी बना है। 14 महीने की उम्र में कई बच्चे ठीक से बोल भी नहीं पाते, उस उम्र में यशस्वी ने देश-दुनिया में नाम कमाया है। 25 फरवरी 2022 को ऑनलाइन टेस्ट हुआ था, उसमें 26 देशों के नेशनल फ्लैग को याद रखने के लिए यशस्वी का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। यशस्वी की उपलब्धियों से वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम भी हैरान है। उनके पास अभी तक 14 महीने के बच्चों का कोई रिकॉर्ड नहीं था।

यशस्वी का जन्म 25 दिसंबर 2020 को हुआ। पिता संजय मिश्रा मूलत: रीवा जिले के गुढ़ तहसील अंतर्गत अमिलिहा गांव (तमरा देश) के रहने वाले हैं। संजय फिलहाल खनऊ के शालीमार कॉलोनी में रहते हैं। वे लखनऊ में विज्ञापन कंपनी के डायरेक्टर हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पांच साल का व छोटा बेटा 14 महीने का है।

अब नए रिकॉर्ड की तैयारी

मां शिवानी मिश्रा ने बताया कि यशस्वी की याददाश्त काफी अच्छी है। वह कोई चीज देख कर नहीं भूलता। अब यशस्वी 194 देशों के राष्ट्रीय झंडे पहचानने का रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। बता दें कि गूगल बॉय के नाम से लोकप्रिय कौटिल्य ने चार साल की उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, जबकि यशस्वी ने 14 माह की उम्र में ये कारनामा कर दिखाया।


प्रातिक्रिया दे