जमशेदपुर सांप्रदायिक हिंसा, भाजपा नेता समेत में 70 लोग गिरफ्तार

  • धार्मिक झंडे के कथित अपमान के बाद हुआ था उपद्रव

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने एक भाजपा नेता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को अधिकारी ने बताया कि भाजपा जमशेदपुर महानगर कमेटी के उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा को मंगलवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि शास्त्री नगर इलाके में दो अलग-अलग समुदायों के बीच रविवार को हुई हिंसा के मामले में भाजपा नेता अभय सिंह और सुधांशु ओझा सहित कुल 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे वकील चंदन चौबे को भी हिंसा मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा एक वकील को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में स्थानीय अदालत में बुधवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया है।

यह हुई थी घटना

झारखंड के जमशेदपुर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर 31 मार्च और 9 अप्रैल को दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी। 31 मार्च को रामनवमी पर जमकर हिंसा हुई थी। जमशेदपुर के हल्दीपोखर में रामनवमी पर जमकर पथराव हुआ था। लोग रामनवमी का जुलूस निकाल रहे थे। जब जुलूस जुगसलाई पहुंचा तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया था। इस घटना से गुस्साए लोगों ने बाटा चौक में हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया था। शास्त्रीनगर में हुई हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया। साथ ही कई दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा में आग लगा दी थी।

आपत्तिजनक पोस्ट पर एफआईआर

जमशेदपुर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान को लेकर भड़की हिंसा के दौरान एक समुदाय विशेष के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश पोस्ट करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि फेसबुक अकाउंट पर आरोपी ने मैसेज पोस्ट कर एक विशेष धर्म और समुदाय को निशाना बनाया था। इसकी शिकायत पुलिस को मिली थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

000

प्रातिक्रिया दे