300 सीटें जीतेंगे, मोदी तीसरी बार बनेंगे पीएम

असम में गरजे शाह

डिब्रूगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दावा किया कि भाजपा अगले साल होने वाले आम चुनावों में देश भर में 300 से अधिक लोकसभा सीट जीतेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाएगी। शाह ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए विश्वास जताया कि पार्टी इस पूर्वोत्तर राज्य में 14 में से 12 सीट पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने डिब्रूगढ़ में भाजपा के ऊपरी असम क्षेत्रीय कार्यालय की आधारशिला रखी। शाह ने कहा, 2024 के लोकसभा चुनावों में 300 से अधिक सीट पर पार्टी के जीत हासिल करने के साथ नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। संसद के निचले सदन लोकसभा में 543 सीट है। कांग्रेस पर प्रहार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने कहा, पूर्वोत्तर को कभी कांग्रेस का एक गढ़ माना जाता था, लेकिन राहुल गांधी की (भारत जोड़ो) यात्रा के बावजूद पार्टी क्षेत्र के तीन राज्यों में हुए हालिया विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही। हाल में मेघालय,त्रिपुरा और नगालैंड में विधानसभा चुनाव हुए थे। भाजपा ने त्रिपुरा में सरकार बनाई और अन्य दो राज्यों में गठबंधन साझेदार के रूप में सत्ता में आई। शाह ने असम के लोगों का शुक्रिया अदा किया। भाजपा को जनादेश देने वाला पूर्वोत्तर का यह पहला राज्य है।

राहुल पर साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा, उन्होंने (राहुल ने) विदेशी धरती से भारत का अपमान किया। यदि वह ऐसा करना जारी रखेंगे, तो कांग्रेस का न केवल पूर्वोत्तर से, बल्कि पूरे देश से सफाया हो जाएगा। शाह पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने ‘…कब्र खुदेगी’ टिप्पणी पर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने का कोई कारण नहीं है क्योंकि प्रत्येक भारतीय उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा है। वे (कांग्रेस) हमारे प्रधानमंत्री की जितनी निंदा करेंगे, उतना ही ज्यादा कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।

0000

प्रातिक्रिया दे